बक्सर: जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप! पहले चली गोली, फिर मां-बेटे पर जानलेवा हमला

बक्सर (इटाढ़ी)। बिहार के बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव अब मारपीट, फायरिंग और जानलेवा हमले तक पहुंच गया है।
पीड़ित पक्ष ने अपने ही भाई पर, जो बक्सर जिला पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, वर्दी का धौंस दिखाकर जमीन पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट के फैसले के बाद भी नहीं सुलझा विवाद
पीड़ित शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह के अनुसार, यह पूरा विवाद उनके दादा स्वर्गीय केशव प्रसाद सिंह की संपत्ति से जुड़ा है। व्यवहार न्यायालय (बक्सर) ने परिवार के छह भाई-बहनों के बीच बराबर का हिस्सा निर्धारित किया था, जिसे सबने स्वीकार भी कर लिया था।
पीड़ितों का दावा है कि उनकी बुआ ने उचित राशि लेकर जमीन का बख्शीशनामा उनके हक में कर दिया था, जिसका दाखिल-खारिज कराकर वे नियमित रूप से राजस्व रसीद भी कटा रहे हैं। इसके बावजूद, पुलिस विभाग में तैनात उनके भाई विश्राम सिंह जमीन पर जबरन कब्जा करने और रजिस्ट्री के लिए दबाव बना रहे हैं।
पीड़ितों का कहना है कि वे गांव से बाहर रहकर ड्राइवर की नौकरी करते हैं, जिसका फायदा उठाकर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा! ट्रक से टकराई खाटू श्याम यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की गाड़ी; 7 बच्चों समेत 11 की मौत
फायरिंग के बाद मां पर जानलेवा हमला
विवाद ने 3 अक्टूबर (जियूतिया पर्व) को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और फायरिंग भी की गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का इलाज कराया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर केस दर्ज कराया गया था।
तनाव यहीं नहीं रुका, रविवार को आरोपियों ने गांव में ही छोटी दुकान चलाने वाले पीड़ितों के भतीजे रितेश कुमार और उनकी वृद्ध मां राजमुनि देवी पर हमला कर दिया। इस मारपीट में मां राजमुनि देवी का सिर फट गया और रितेश को गंभीर चोटें आईं। पीड़ितों का आरोप है कि विश्राम सिंह पुलिस में होने के कारण पुराने मामलों की तरह इस मामले को भी दबवाने का प्रयास कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे 8 दोस्त, ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर; 4 की मौके पर मौत
थानाध्यक्ष का बयान: मुख्य आरोपी गिरफ्तार
इस पूरे मामले (Nathpur Land Dispute) पर इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि,
रविवार को पीड़ित रितेश कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, शेष आरोपियों के खिलाफ जांच के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

