आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए क्या जरूरी है? पात्रता से लेकर ऑनलाइन आवेदन तक जानें पूरी प्रक्रिया

Ayushman Card Eligibility: इलाज का खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराती है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस योजना का लाभ किन लोगों को मिल सकता है और आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाया जा सकता है? आइए, योजना की पात्रता, मिलने वाली सुविधाओं और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को आसान भाषा में समझते हैं।
आयुष्मान कार्ड क्या है?
आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लोगों को दिया जाता है। यह कार्ड होने पर लाभार्थी देशभर के योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में सूचीबद्ध इलाज का लाभ कैशलेस तरीके से ले सकते हैं। यानी इलाज के लिए तय पैकेज के तहत अस्पताल में भर्ती होने पर मरीज को अपनी जेब से भुगतान नहीं करना पड़ता।
इस योजना में पात्र परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। यह राशि पूरे परिवार के लिए होती है, हर सदस्य के लिए अलग-अलग 5 लाख रुपये नहीं। योजना मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती होकर कराए जाने वाले सेकेंडरी और टर्शियरी इलाज के लिए है। इसमें कई तरह के ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है।
इलाज के पैकेज के अनुसार अस्पताल में भर्ती होने से पहले के 3 दिन और छुट्टी मिलने के बाद के 15 दिन तक की कुछ जरूरी जांच और दवाइयों का खर्च भी कवर हो सकता है। पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी योजना के दायरे में शामिल है। हालांकि, हर बीमारी या सामान्य ओपीडी परामर्श अपने आप मुफ्त नहीं हो जाता। लाभ लेने के लिए अस्पताल का योजना में सूचीबद्ध होना और इलाज का पैकेज के तहत आना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: अब 3 दिन में मिलेगा पासपोर्ट, ऐसे करें अप्लाइ, जानें नियम और जरूरी डॉक्यूमेंट
आयुष्मान योजना के लिए कौन पात्र है? (Ayushman Card Eligibility)
आयुष्मान भारत PM-JAY की सामान्य पात्रता सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC) 2011 के आंकड़ों और तय सरकारी मानकों पर आधारित है। ग्रामीण क्षेत्रों में वंचित और कमजोर परिवारों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर शामिल किया जाता है। शहरी क्षेत्रों में भी कुछ तय पेशों और कामगार श्रेणियों के परिवार पात्र हो सकते हैं।
उदाहरण के तौर पर, दिहाड़ी मजदूर, घरेलू कामगार, सफाई कर्मचारी और रिक्शा चालक जैसी कुछ श्रेणियां योजना के दायरे में आती हैं। लेकिन केवल इनमें से कोई काम करने या कम आमदनी होने से कार्ड अपने आप नहीं बन जाता। परिवार का नाम सरकारी पात्रता रिकॉर्ड में होना जरूरी है। अलग-अलग राज्यों में पात्रता की पहचान के लिए संबंधित सरकारी डेटाबेस का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
70 साल से ज्यादा उम्र वालों को भी लाभ
सरकार ने 70 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए भी खास सुविधा है। सरकार ने आय की परवाह किए बिना इस उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को PM-JAY में शामिल किया है। इसके लिए उन्हें अलग आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किया जाता है।
अगर परिवार पहले से आयुष्मान योजना में शामिल है, तो 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को अपने लिए हर साल 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलता है। यह परिवार के 70 साल से कम उम्र के सदस्यों के कवर से अलग रहता है। वहीं, पहले से योजना में शामिल नहीं परिवार के 70 साल या उससे अधिक उम्र के सदस्यों को 5 लाख रुपये तक का कवर परिवार के आधार पर मिलता है।
आयुष्मान भारत कार्ड (PM-JAY) बनवाने के लिए आप घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) या योजना से जुड़े अस्पताल में जाकर भी कार्ड बनवाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले यह जांचना जरूरी है कि आपका नाम योजना की पात्रता सूची में शामिल है या नहीं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
सबसे पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के आधिकारिक Beneficiary Portal (https://beneficiary.nha.gov.in/) पर जाएं या Google Play Store से आधिकारिक Ayushman App डाउनलोड करें। पोर्टल पर ‘Beneficiary’ विकल्प चुनकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और OTP के जरिए लॉगिन करें।
इसके बाद अपना राज्य, योजना और जिला चुनें। अब आधार नंबर, राशन कार्ड या उपलब्ध फैमिली आईडी अथवा नाम की मदद से पात्रता सूची में अपना या परिवार के सदस्य का नाम खोजें। अगर नाम सूची में मिलता है, तो आगे e-KYC की प्रक्रिया पूरी करें।
पहचान सत्यापित करने के लिए आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP, उपलब्ध बायोमेट्रिक विकल्प या फेस ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर अपनी लाइव फोटो और मांगी गई जानकारी भी दर्ज करें। सभी जरूरी जानकारियां भरने के बाद आवेदन सबमिट कर दें। सत्यापन और मंजूरी पूरी होने पर पोर्टल या ऐप से आयुष्मान कार्ड PDF के रूप में डाउनलोड किया जा सकता है।
ऑफलाइन कार्ड बनवाने का तरीका
अगर आपको ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो रही है, तो नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), वसुधा केंद्र या आयुष्मान योजना से जुड़े सरकारी अथवा निजी अस्पताल में जा सकते हैं। अस्पताल में आयुष्मान मित्र के काउंटर पर भी सहायता मिल सकती है।
अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड या उपलब्ध फैमिली आईडी और मोबाइल नंबर रखें। अधिकृत ऑपरेटर आपकी पात्रता की जांच करेगा और जरूरत के अनुसार फिंगरप्रिंट, आंखों की जांच या दूसरे उपलब्ध तरीके से e-KYC पूरी करेगा। सत्यापन और मंजूरी के बाद आपका आयुष्मान कार्ड जारी किया जा सकता है।
ध्यान रखें कि कार्ड बनवाने के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल, ऐप या अधिकृत केंद्र का इस्तेमाल करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ आधार OTP साझा न करें। आवेदन करने से पहले या बाद में पात्रता और कार्ड से जुड़ी जानकारी के लिए सरकारी हेल्पलाइन 14555 पर भी संपर्क कर सकते हैं। कार्ड मिलने के बाद इलाज कराने से पहले अस्पताल से जरूर पता करें कि संबंधित इलाज योजना के तहत कवर है या नहीं।

