3.2 सेकंड में 100 की रफ्तार, 280 km/h टॉप स्पीड और 999 cc इंजन के साथ BMW की नई सुपरबाइक भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स और कीमत
भारत में सुपरबाइक सेगमेंट में एक नई और बेहद ताकतवर बाइक की एंट्री हो गई है। BMW Motorrad ने अपनी हाई-परफॉर्मेंस रोडस्टर BMW M 1000 R को लॉन्च कर दिया है, जो सिर्फ 3.2 सेकंड में 100 km/h की रफ्तार पकड़ सकती है। 210hp पावर और 280 km/h टॉप स्पीड वाली यह बाइक सीधे रेस ट्रैक से प्रेरित टेक्नोलॉजी के साथ आई है, जिससे बाइक लवर्स के बीच इसकी काफी चर्चा हो रही है।
BMW M 1000 R का डिजाइन
नई BMW M 1000 R को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे देखते ही इसकी रेसिंग डीएनए साफ नजर आती है। बाइक की बॉडी कॉम्पैक्ट, स्लिम और बेहद स्पोर्टी है, जिससे इसका लुक काफी शार्प और एग्रेसिव दिखाई देता है। सामने की तरफ RR सीरीज से प्रेरित डुअल फ्लो LED हेडलाइट दी गई है।
हेडलाइट के बीच में दिया गया M लोगो बाइक को अलग पहचान देता है और इसका फ्रंट लुक काफी आकर्षक बनाता है। सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं इसके M Winglets। ये विंगलेट्स तेज रफ्तार में अतिरिक्त एरोडायनामिक डाउनफोर्स पैदा करते हैं और बाइक को ज्यादा स्थिर बनाते हैं।
करीब 220 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पर ये विंगलेट्स फ्रंट व्हील पर लगभग 11 किलो तक अतिरिक्त दबाव बनाते हैं, जिससे हाई स्पीड पर बाइक की पकड़ और बेहतर हो जाती है।
ये भी पढ़ें: 5 मार्च को भारत में लॉन्च होगी Ducati Panigale V4, जानें इस सुपरबाइक के कीमत और फीचर्स
इसके अलावा BMW ने इसमें M Competition Package भी दिया है। इसमें M Carbon wheels, M GPS Laptrigger और कई कार्बन फाइबर पार्ट्स शामिल हैं। साथ ही M pillion package और एडजस्टेबल M राइडर फुटरेस्ट सिस्टम भी दिया गया है, जो इसे और ज्यादा प्रीमियम बनाता है।
210 hp पावर और 280 km/h टॉप स्पीड वाली सुपरबाइक
नई BMW M 1000 R को खास तौर पर पावर और स्पीड के लिए तैयार किया गया है। इसमें 999 सीसी का वॉटर कूल्ड इनलाइन 4 सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 13,750 rpm पर 210 hp की ताकत और 11,100 rpm पर 113 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज रफ्तार है। यह सुपरबाइक महज 3.2 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ लेती है। वहीं इसकी टॉप स्पीड करीब 280 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इसमें BMW ShiftCam टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो कम और मिड स्पीड पर बेहतर टॉर्क देती है और हाई स्पीड पर भी पावर को बनाए रखती है। इसके अलावा इंजन में टाइटेनियम वाल्व, नए कैमशाफ्ट और हल्के कैम फॉलोअर्स जैसे एडवांस्ड पार्ट्स दिए गए हैं, जिससे बाइक की परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी दोनों बेहतर हो जाती हैं।
स्मार्ट फीचर्स और कई राइडिंग मोड्स
नई BMW M 1000 R को सिर्फ तेज रफ्तार के लिए ही नहीं बल्कि आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ भी तैयार किया गया है। इसमें 6.5 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो बाइक स्टार्ट होते ही खास M लोगो की एनिमेशन दिखाता है और राइडर को प्रीमियम अनुभव देता है।
बता दें कि बाइक में LED लाइटिंग, एडैप्टिव कॉर्नरिंग लाइट, क्रूज़ कंट्रोल और हीटेड ग्रिप्स जैसे कई शानदार फीचर्स शामिल किए गए हैं। इसके अलावा पीछे की तरफ USB चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान डिवाइस चार्ज करना आसान हो जाता है।
ये भी पढ़ें: 457cc इंजन, सुपरबाइक लुक और GP Replica वेरिएंट के साथ Aprilia RS 457 लॉन्च, अब पहले से सस्ती है कीमत
हालांकि असली मजा इसके अलग-अलग राइडिंग मोड्स में है। इसमें Rain, Road, Dynamic, Race और Race Pro जैसे मोड दिए गए हैं, जो सड़क और मौसम के हिसाब से बाइक की परफॉर्मेंस को बदल देते हैं। इसमें Dynamic Traction Control और व्हीली कंट्रोल जैसे सेफ्टी सिस्टम भी मौजूद हैं।
इसके अलावा Launch Control और Pit Lane Limiter जैसे फीचर्स रेस ट्रैक पर बेहतर कंट्रोल और तेज शुरुआत में मदद करते हैं।
भारत में BMW M 1000 R की कीमत
BMW Motorrad India ने अपनी नई दमदार रोडस्टर बाइक M 1000 R को भारत में 33.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। ये बाइक भारत में पूरी तरह से बनी यूनिट यानी CBU मॉडल के रूप में लाई गई है। कंपनी के सभी अधिकृत डीलरशिप पर इसकी प्री-बुकिंग आज से शुरू हो चुकी है।
हालांकि इसकी डिलीवरी मई 2026 से शुरू होने वाली है। लॉन्च के दौरान BMW Group India के प्रेसिडेंट और CEO हरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि,
यह बाइक BMW की M सीरीज की असली पहचान को दर्शाती है, जिसमें सुपरबाइक की ताकत और रोडस्टर का स्टाइल शानदार तरीके से देखने को मिलता है। यह बाइक खास तौर पर उन राइडर्स के लिए बनाई गई है जो हाई परफॉर्मेंस के साथ सड़क और रेस ट्रैक दोनों जगह बेहतरीन अनुभव चाहते हैं।
