बक्सर: शराब तस्करी का बड़ा भंडाफोड़! दो स्कॉर्पियो से 767 लीटर शराब जब्त, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
Buxar News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बक्सर जिले का है, जहां उत्पाद विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद (Buxar 767 liter liquor seizure) की है। इस कार्रवाई में तीन युवकों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें एक नाबालिग भी है।
बक्सर में रात के अंधेरे में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
बक्सर जिले के चौसा-धनसोई मार्ग पर मंगलवार की देर रात, उत्पाद विभाग ने चिलहर गांव के पास नहर किनारे घेराबंदी कर दो संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियों को रोक लिया। गुप्त सूचना के आधार पर पहले से अलर्ट टीम को जैसे ही रात करीब 11 बजे दोनों वाहन आते दिखे, तुरंत कार्रवाई की गई और जांच में कुल 767.860 लीटर अवैध शराब बरामद हो गई।
ये भी पढ़ें: बक्सर: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
यह पूरी कार्रवाई एक्साइज इंस्पेक्टर प्रीति कुमारी के नेतृत्व में की गई, जबकि उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल लगातार टीम को दिशा-निर्देश दे रहे थे। अधिकारियों का कहना है की हमें सूचना मिली थी, कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से शराब की बड़ी खेप भोजपुर जिले में खपाने के इरादे से लाई जा रही है, हालांकि तस्करों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उत्पाद विभाग पहले से उनकी हर चाल पर नजर बनाए बैठा है।
दो स्कॉर्पियो से निकली शराब की बड़ी खेप
बता दें कि कार्रवाई के दौरान जब पहली स्कॉर्पियो (JH-09L-5243) की तलाशी ली गई तो उसमें 189 लीटर देसी शराब, 17.280 लीटर विदेशी शराब और 123.5 लीटर बीयर बरामद हुई, यानी कुल 329.780 लीटर अवैध शराब। खास बात यह है कि शराब को गाड़ी में इस तरह छिपाया गया था कि ऊपर से देखने पर किसी को शक तक न हो।
ये भी पढ़ें: बक्सर में दिल दहला देने वाला हादसा, 1 युवक की मौत, 3 की हालत गंभीर
वहीं दूसरी स्कॉर्पियो (HR-51X-6881) की जांच में और भी बड़ी खेप सामने आई, जिसमें 262.08 लीटर विदेशी शराब और 176 लीटर बीयर मिली, कुल मात्रा 438.08 लीटर रही। गौरतलब है कि दोनों वाहनों से मिली शराब को जोड़ दिया जाए तो आंकड़ा 767.860 लीटर (Buxar 767 liter liquor seizure) तक पहुंच जाता है, जो हाल के महीनों में बक्सर जिले की सबसे बड़ी शराब बरामदगी मानी जा रही है।
नाबालिग समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
इस पूरी कार्रवाई में उत्पाद विभाग ने कुल तीन लोगों को दबोचा है, जिनमें एक नाबालिग का शामिल होना सबसे चौंकाने वाली बात है। पकड़े गए आरोपितों में सोखिन कुमार (21 वर्ष), पिता पारसनाथ यादव, निवासी केसरी, थाना धनगाई, जिला भोजपुर और रौशन कुमार (23 वर्ष), पिता सम्भू सिंह, निवासी खिरिकोन, थाना अगियांव बाजार, जिला भोजपुर के नाम सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें: बक्सर में 3 दिन में 3.21 लाख का चालान, DM के सख्त आदेश से मचा हड़कंप
वहीं तीसरा आरोपी नाबालिग बताया गया है, जिसकी पहचान कानूनी कारणों से गोपनीय रखी गई है। गौरतलब है कि इतनी बड़ी शराब तस्करी में नाबालिग की भूमिका सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है और जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं।
कानूनी कार्रवाई तेज, शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा
उत्पाद विभाग ने कार्रवाई के बाद दोनों स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त कर लिया है और सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब माफिया लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता और सक्रिय कार्रवाई से ऐसे गिरोहों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है।