बक्सर: शादी बनी मातम, वरमाला के बीच दुल्हन को मारी गोली, आरोपी फरार
बक्सर: बिहार के बक्सर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। जहां एक तरफ शादी की खुशियां थीं, वहीं दूसरी तरफ अचानक चली गोली ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार मल्लाह टोली की है, जहां प्रेम प्रसंग की आशंका में यह सनसनीखेज वारदात हुई।
वरमाला के समय चली गोली
जानकारी के अनुसार बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरेमनपुर से आई थी। शादी का कार्यक्रम पूरे धूमधाम से चल रहा था। वरमाला की रस्म हो रही थी और परिवार वाले खुशी में झूम रहे थे। तभी अचानक एक युवक ने दुल्हन पर गोली चला दी।
घायल युवती की पहचान आरती कुमारी, पिता नंद जी मल्लाह के रूप में हुई है। घायल दुल्हन ने अपने बयान में बताया है कि पड़ोस में रहने वाले दीनबंधु ने उस पर गोली चलाई। खास बात है की गोली उसके पेट में, नाभि के पास जाकर लगी। जैसे ही गोली चली, वहां अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढ़ें: बक्सर: शर्मसार हुआ देवर भाभी का रिसता, खून से लतपत हालत में अस्पताल पहुंची महिला
हालत नाजुक, वाराणसी रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल दुल्हन को सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। सूचना के अनुसार परिजन उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर लेकर चले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है। हालाकी उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों के मुताबिक यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। वहीं पुलिस का कहना है कि वारदात मंगलवार रात लगभग 11 बजे हुई। गोली चलने की घटना के बाद बारात में आए लोग उसी समय वापस लौट गए। शादी का पूरा माहौल एक झटके में खत्म हो गया।
प्रेम प्रसंग की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। आरोपी युवक दीनबंधु उसी मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी के माता-पिता को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। ऐसी भी सूचना मिल रही है कि आरोपी पहले भी शराब के मामले में जेल जा चुका है। हालाकी पुलिस इस पहलू की भी पुष्टि कर रही है।
ये भी पढ़ें: बक्सर: तीन माह की थी गर्भवती, पहले पति से झगड़ा… फिर कमरे में मिला शव
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शादी जैसे पवित्र अवसर पर इस तरह की घटना (Buxar Bride Shot) ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ परिवार बेटी की जान बचाने के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहा है, तो दूसरी तरफ आरोपी की तलाश जारी है।
बक्सर में शादी के दौरान की इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर निजी रंजिश या प्रेम प्रसंग के चलते इस तरह की हिंसा कब तक होती रहेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजर वाराणसी में चल रहे इलाज पर टिकी है। दुल्हन की हालत में सुधार की खबर का इंतजार पूरा इलाका कर रहा है।
