बक्सर के विकास के लिए 295 करोड़ का बजट पास, मल्टी-स्टोरी पार्किंग से मरीन ड्राइव तक हुवे कई बड़े ऐलान
बक्सर शहर के विकास को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है। नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारी भरकम बजट (Buxar Nagar Parishad Budget 2026-27) पास कर दिया है, जिसमें शहर को आधुनिक बनाने के कई अहम प्रस्ताव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह बजट शहर की जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
शहर के विकास के लिए 295 करोड़ का बजट मंजूर
सोमवार को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में बक्सर नगर परिषद का करीब 295,02,56,591 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। गौरतलब है कि इस बजट को शहर के संतुलित और समग्र विकास के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
बैठक में बुनियादी सुविधाओं से लेकर आधुनिक योजनाओं तक कई प्रस्तावों को शामिल किया गया। हालांकि बजट का बड़ा हिस्सा शहर की मूल जरूरतों पर खर्च करने की योजना है, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों से राहत मिल सके।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट और पिंक वाहन सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इससे शहर में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी।
ये भी पढ़ें: 85 लाख में चमकेगा बक्सर! CM के हाथों होगा लाइट एण्ड साउन्ड का भव्य उद्घाटन, लेजर शो में दिखेगा रामायण
सुरक्षा, ट्रैफिक और खेल सुविधाओं पर खास ध्यान
शहर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी आधारित डिजिटल निगरानी और ट्रैफिक सिस्टम लगाने का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है। इससे न सिर्फ अपराध पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। युवाओं को ध्यान में रखते हुए खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है।
बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 के तहत खेल परिसर और स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना है, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिले। विशेषज्ञों का मानना है कि इन योजनाओं को समय पर पूरा करना भी उतना ही जरूरी होगा, तभी इनका सही फायदा मिल पाएगा।
गंगा में जल परिवहन और मरीन ड्राइव से बढ़ेगा आकर्षण
बक्सर नगर परिषद ने गंगा नदी के किनारे विकास को लेकर भी बड़े प्लान तैयार किए हैं। अहिरौली से सिपाही घाट तक जल परिवहन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था होगी। इसके अलावा सती घाट और गोला घाट के बीच मरीन ड्राइव, फूड कोर्ट और नौकायन सुविधा विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।
इससे शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए मल्टी-स्टोरी पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इससे जाम की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: CM से शिकायत के बाद खुला बक्सर नगर परिषद का घोटाला! 33 लाख की हेराफेरी, जांच में बड़े खुलासे
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बजट को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरून निशा ने सभी पार्षदों, समिति के सदस्यों, कर्मियों और नगरवासियों का सहयोग के लिए आभार जताया। इस मौके पर उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक और अन्य कई पार्षद मौजूद रहे।
