बक्सर: 20 साल के नेहा की रहस्यमयी मौत, पति पर लगे गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Buxar News: बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महज 20 साल की नवविवाहिता नेहा कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने इसे सीधी हत्या करार दिया है, जबकि ससुराल पक्ष आत्महत्या की बात कह रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में अभी तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है, लेकिन सवाल बहुत गहरे हैं।
यह मामला बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत महदह गांव का है। यहां ब्रह्मपुर के रहथुआ गांव की रहने वाली नेहा कुमारी की शादी वर्ष 2025 में महदह गांव निवासी शंकर कुशवाहा से हुई थी। शादी को अभी ज्यादा समय भी नहीं बीता था कि शनिवार की रात नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही ससुराल पक्ष ने मायके वालों को बताया कि नेहा ने खुद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।
नेहा के परिजन जब महदह गांव पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव फंदे से नीचे उतारकर बिस्तर पर रखा गया था। यहीं से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। मायके वालों का साफ कहना है कि,
यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। अगर नेहा ने खुद फांसी लगाई होती तो शव को तुरंत क्यों उतारा गया और कमरे की स्थिति से छेड़छाड़ क्यों की गई।
पति पर उठे गंभीर सवाल
नेहा के पति शंकर कुशवाहा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शादी के कुछ ही समय बाद शंकर कमाने के लिए विदेश चला गया था और हाल ही में वापस लौटा था। इस दौरान नेहा अपने मायके में ही रह रही थी। कुछ दिन पहले ही शंकर उसे मायके से वापस ससुराल लेकर आया था। इसी बीच दोनों के बीच मनमुटाव की बातें भी सामने आई हैं।
नेहा की मौत पर पुलिस की जांच तेज
बीस साल की नेहा की अचानक हुई मौत ने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो इतनी कम उम्र में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। पुलिस का कहना है कि,
हर एंगल से जांच की जा रही है, चाहे मामला घरेलू कलह का हो, मानसिक दबाव का या फिर किसी साजिश का
रविवार सुबह मुफस्सिल थाना की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। नेहा के पिता भुनेश्वर महतो से लिखित शिकायत देने को कहा गया है, ताकि आगे कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सके। फिलहाल अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है, इसलिए किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर परिजन हत्या का आरोप लिखित रूप में देते हैं तो ससुराल पक्ष पर हत्या की धारा में मामला दर्ज होगा। वहीं परिजन लगातार कह रहे हैं कि नेहा की मौत सामान्य नहीं है और सच्चाई सामने आनी चाहिए। इस घटना के बाद महदह गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर यह हत्या है तो दोषियों को कब सजा मिलेगी और अगर आत्महत्या है तो इसके पीछे की वजह क्या थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी, लेकिन फिलहाल नेहा की मौत (Buxar Neha Suspicious Death) एक रहस्य बनी हुई है।
