बक्सर: ड्यूटी में लापरवाही पुलिस अफसर को पड़ी भारी! SP शुभम आर्य ने OD पदाधिकारी को किया निलंबित
Buxar OD Officer Suspend: बक्सर नगर थाना में हिरासत के दौरान एक आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुवे पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सख्त कार्रवाई की और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले ओडी पदाधिकारी को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें की यह पूरा मामला नगर थाना कांड संख्या 24/26 से जुड़ा है, जहां शहर के खलासी मुहल्ला निवासी जुबैद के पुत्र फरहान को रविवार की रात पुलिस ने गिरफ्तार कर नगर थाना की हिरासत में रखा था। गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा था कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता है, लेकिन सोमवार को ड्यूटी पर तैनात अधिकारी की लापरवाही सामने आ गई।
ये भी पढ़ें: बक्सर: नगर थाना की हाजत से आशिक फरार, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मिली जानकारी के अनुसार फरहान ने शौचालय जाने का बहाना बनाया और इसी दौरान शौचालय की खिड़की में लगी लोहे की ग्रील तोड़कर मौके से फरार हो गया। यह घटना ओडी पदाधिकारी की निगरानी में हुई, जहां हिरासत में बंद आरोपी पर पर्याप्त नजर नहीं रखी गई, जिसका सीधा फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।
एसपी शुभम आर्य का सख्त एक्शन, लापरवाही पर तुरंत निलंबन
बता दें कि हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बेहद गंभीरता से लिया और बिना देर किए कड़ा कदम उठाया। ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक इजहार खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसपी ने साफ कर दिया है कि पुलिस हिरासत से फरारी जैसे मामलों में किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें: 30 लाख की ड्रग्स के साथ बक्सर का युवक गिरफ्तार, लंबे समय से कर रहा था तस्करी
फरार आरोपी फरहान की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई है, जो नगर थाना समेत आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर तकनीकी मदद से उसकी लोकेशन तलाशने में जुटी हुई है।
पुलिस हिरासत सुरक्षा पर उठे सवाल
हालाकी पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई कर यह साफ कर दिया है कि इस मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी, लेकिन हिरासत से आरोपी का इस तरह फरार हो जाना थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। यह सिर्फ प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि आम लोगों के भरोसे को भी झटका देने वाली घटना है।
ये भी पढ़ें: बक्सर में शराब का डिलीवरी करते चंदन गिरफ्तार, घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद
गौरतलब है की इससे पहले भी बिहार के कई जिलों में पुलिस हिरासत से फरारी के मामले सामने आ चुके हैं, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। अब पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा, मामले की अंदरूनी जांच जारी है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए थानों में निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।
