बक्सर: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
Buxar News: बक्सर जिले से रविवार की सुबह एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खुशियों से भरा परिवार एक पल में उजड़ गया। NH-922 पर हुए इस भीषण सड़क हादसे (Buxar Truck Car Accident) में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
सामने आई जानकारी के अनुसार, रविवार की अहले सुबह बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां घने कोहरे और तेज रफ्तार ने मिलकर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनका आपस में पारिवारिक संबंध था।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें: बक्सर: घरेलू विवाद बना खूनी खेल! सरवन ने ले ली रेखा की जान, भाई की पत्नी पर भी किया हमला
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग बक्सर की ओर आ रहे थे, तभी चंदा गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि घने कोहरे के कारण ट्रक की पहचान नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि,
सुबह के समय दृश्यता बेहद कम थी, इसके बावजूद भारी वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण चालक को सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग पाया और नियंत्रण बिगड़ने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जल्दबाजी में सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर निवासी सुजीत कुमार पाण्डेय, जो सशस्त्र सीमा बल में जवान थे, और ओमकार पाण्डेय के रूप में हुई है।
वहीं महिलाओं में डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव की गिरजा देवी, पति अरुण तिवारी, और ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के भरखरा गांव की मंजू देवी, पति धर्मराज ओझा शामिल हैं। ये सभी लोग स्वर्गीय चितरंजन पांडेय के परिवार से जुड़े थे, जिनमें दो पुत्र और दो बहनें थीं, जिससे यह हादसा पूरे परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया।
ये भी पढ़ें: बक्सर की राजनीति में बड़ा उलटफेर, नियामतुल्लाह फरीदी ने थामा जदयू का दामन, बदलेंगे सियासी समीकरण
शादी की खुशियों पर टूटा कहर
परिजनों के अनुसार, स्वर्गीय चितरंजन पांडेय की पुत्री का 2 फरवरी को तिलक कार्यक्रम होना था। इसी को लेकर परिवार के सभी सदस्य कार से बक्सर गंगा पूजा और खरीदारी के लिए आ रहे थे। लेकिन किसे पता था कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया और खुशियों से सजा घर सन्नाटे में डूब गया।
जांच में जुटी पुलिस, अज्ञात वाहन की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया, जबकि सभी शवों को कब्जे में लेकर शव परीक्षण के लिए भेजा गया। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि,
टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की लगातार तलाश की जा रही है और आसपास लगे बंद परिपथ दूरदर्शन कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।
ये भी पढ़ें: बक्सर के मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे को STF ने पटना से किया गिरफ्तार, 3 हत्याओं मे है आरोपी
हालांकि प्रशासन की ओर से जांच और कार्रवाई जारी है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया है। स्थानीय लोग अब एनएच-922 पर घने कोहरे के दौरान सुरक्षा इंतजाम और कड़े ट्रैफिक नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।