बक्सर: होली के दिन घर से निकले थे चार दोस्त, 1 की मौत, 3 हुवे घायल
बक्सर: होली का त्योहार जहां खुशियां लेकर आता है, वहीं कभी-कभी यही दिन किसी परिवार के लिए गहरा दुख भी छोड़ जाता है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसमें बिहार के बक्सर जिले के एक युवक की बेंगलुरु में सड़क हादसे में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे, लेकिन रास्ते में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
बक्सर के युवक की मौत, तीन दोस्त घायल
कर्नाटक के बेंगलुरु शहर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे (Buxar Youth Dies In Bengaluru) ने बिहार के बक्सर जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के रुपापोखर गांव निवासी 25 वर्षीय नीतीश कुमार, जो राजेन्द्र भर के पुत्र थे, रोज़गार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहकर काम करते थे।
ये भी पढ़ें: बक्सर में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि नीतीश अपने तीन दोस्तों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहे थे, तभी अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और चारों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि नीतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद मृत्युंज कुमार, दयाशंकर और विकास कुमार राम घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद कर सभी को अस्पताल पहुंचाया।
ये सभी युवक बक्सर जिले के ही रहने वाले हैं और बेंगलुरु में मशीन, ट्रैक्टर और जेसीबी चलाने का काम करते थे। अब घायल युवक इलाज के बाद अपने-अपने गांव लौटने की तैयारी में हैं, क्योंकि परदेस में उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को नीतीश का शव गांव पहुंचने की उम्मीद है, और इस खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
होली के दिन हुई थी दुर्घटना
शुरुआती जानकारी में यह बताया गया था कि यह दुर्घटना 3 मार्च को हुई थी। हालांकि बाद में जब गांव से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि हादसा 4 मार्च की दोपहर, यानी होली के दिन हुआ था। बताया जा रहा है कि त्योहार के माहौल में चारों दोस्त बाइक से घूमने निकले थे। लेकिन घर लौटते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
ऐसे में एक पल की लापरवाही ने एक युवा की जिंदगी छीन ली और तीन अन्य को घायल कर दिया। परिवार के लोगों का कहना है कि होली के दिन हुई इस घटना ने उनके घर की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं।
ये भी पढ़ें: बक्सर में NH-922 पर दिल दहला देने वाला मंज़र, ट्रक और ट्रैलर की टक्कर में जिन्दा जला चालक
नीतीश की मौत से गांव में पसरा मातम
रुपापोखर गांव में जैसे ही नीतीश कुमार की मौत की खबर पहुंची, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। घर-परिवार के लोग इस दुखद घटना से टूट गए हैं और हर किसी की आंखें नम हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश कमाने के लिए बेंगलुरु गए थे और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। ऐसे में उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
गांव के लोग बताते हैं कि बिहार के कई युवक रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसी घटनाएं परिवारों के लिए असहनीय दर्द बन जाती हैं। फिलहाल गांव में सभी लोग नीतीश के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके, वहीं परिजन इस हादसे को याद कर बार-बार भावुक हो रहे हैं।
