भारत में 308 लोग बने अरबपति, क्या मुकेश अंबानी अब भी नंबर 1? जानिए भारत के 5 सबसे अमीर व्यक्ति के नाम

भारत में 308 लोग बने अरबपति, क्या मुकेश अंबानी अब भी नंबर 1? जानिए भारत के 5 सबसे अमीर व्यक्ति के नाम

भारत में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और अब देश में 300 से ज्यादा अरबपति हो चुके हैं। हाल ही में जारी हुई Hurun Global Rich List 2026 ने यह साफ कर दिया है कि आखिर भारत का सबसे अमीर व्यक्ति कौन है। क्या इस बार भी मुकेश अंबानी ने अपना नंबर 1 का ताज बचा लिया या गौतम अडानी आगे निकल गए? इस नई सूची में भारत के टॉप 5 अरबपतियों के नाम और उनकी संपत्ति भी सामने आ गई है।

कौन है भारत के सबसे अमीर व्यक्ति?

इस साल भी मुकेश अंबानी ने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अपने पास बनाए रखा है। बता दें कि वह एक बार फिर भारत ही नहीं बल्कि पूरे एशिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 9.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 9 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है।

मुंबई में रहने वाले 68 वर्षीय मुकेश अंबानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष हैं और उनकी कंपनी पेट्रोकेमिकल, ऊर्जा, दूरसंचार और खुदरा कारोबार जैसे कई बड़े क्षेत्रों में काम करती है। हालांकि पिछले कुछ सालों में कंपनी ने डिजिटल मंच और उपभोक्ता कारोबार में भी तेजी से विस्तार किया है। यही वजह है कि आज रिलायंस का असर भारत की अर्थव्यवस्था में लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें: अरविंद श्रीनिवास बने भारत के सबसे युवा अरबपति, AI से बनाई 21,190 करोड़ की संपत्ति

गौतम अडानी की संपत्ति में आई गिरावट

इस साल अरबपतियों की सूची में गौतम अडानी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, हालांकि उनकी कुल संपत्ति (Gautam Adani Net Worth) में कुछ कमी दर्ज की गई है। हुरुन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उनकी संपत्ति लगभग 14 प्रतिशत घटकर करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये रह गई है। हालांकि इतनी गिरावट के बाद भी वह भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

बता दें कि 63 वर्षीय गौतम अडानी अडानी समूह के चेयरमैन हैं और उनका कारोबार कई बड़े क्षेत्रों में फैला हुआ है, जिनमें बंदरगाह, हवाई अड्डे, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा और बुनियादी ढांचा जैसे सेक्टर शामिल हैं। अहमदाबाद में मुख्यालय वाला अडानी समूह आज भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की सबसे ताकतवर कंपनियों में गिना जाता है और देश के विकास में इसकी बड़ी भूमिका मानी जाती है।

रोशनी नाडर बनी देश की सबसे अमीर महिला

बता दें कि हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 में रोशनी नाडर मल्होत्रा और उनका परिवार तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 3.2 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले उनकी संपत्ति में लगभग 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, फिर भी वह भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं।

44 वर्षीय रोशनी नाडर एक बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज़ की अध्यक्ष हैं और देश के दस सबसे अमीर लोगों में शामिल एकमात्र महिला भी हैं। नई दिल्ली में रहने वाली रोशनी नाडर ने कंपनी को अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी बाजार में मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

ये भी पढ़ें: दौलत की रेस में अलख पांडे ने शाहरुख खान को पछाड़ा, PhysicsWallah की संपत्ति 223% बढ़कर पहुंची ₹14,510 करोड़

वैक्सीन कारोबार से बढ़ी साइरस पूनावाला की दौलत

इस साल हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 में साइरस एस. पूनावाला और उनका परिवार चौथे स्थान पर पहुंचे हैं। उनकी संपत्ति में इस बार बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी कुल संपत्ति लगभग 44 प्रतिशत बढ़कर करीब 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

बता दें कि साइरस पूनावाला सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के संस्थापक हैं, जिसे दुनिया की सबसे बड़ी टीका बनाने वाली कंपनियों में गिना जाता है। हालांकि असली पहचान कंपनी को उस समय मिली जब कोविड-19 महामारी के दौरान इसने दुनिया भर में टीकों की आपूर्ति में अहम भूमिका निभाई।

पुणे में रहने वाले 84 वर्षीय पूनावाला आज भी स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बेहद सम्मानित नाम माने जाते हैं और उनका कारोबार लगातार आगे बढ़ रहा है।

भारत के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बने कुमार मंगलम बिड़ला

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार भारत के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति कुमार मंगलम बिड़ला और उनका परिवार हैं। उनकी कुल संपत्ति लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। बता दें कि पिछले साल की तुलना में उनकी दौलत में करीब 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 58 वर्षीय कुमार मंगलम बिड़ला आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष हैं।

यह समूह धातु, सीमेंट, दूरसंचार, वित्तीय सेवाएं और फैशन खुदरा जैसे कई बड़े क्षेत्रों में काम करता है। गौरतलब है कि मुंबई में मुख्यालय वाला आदित्य बिड़ला समूह देश के सबसे बड़े उद्योग समूहों में गिना जाता है और भारत की अर्थव्यवस्था में इसकी अहम भूमिका मानी जाती है।

ये भी पढ़ें: योग गुरु से अरबपति तक का सफर, जानिए बाबा राम देव के 1600 करोड़ की संपत्ति का राज!

Hurun Global Rich List 2026: भारत की अर्थव्यवस्था के लिए क्या है संकेत?

हालांकि इस सूची में कई नए नाम सामने आए हैं, लेकिन देश के कुछ बड़े उद्योगपति अब भी सबसे ऊपर अपनी जगह बनाए हुए हैं। यह रिपोर्ट साफ दिखाती है कि भारत में उद्यमिता और कारोबार के मौके तेजी से बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि हर साल देश में नए अरबपति उभरकर सामने आ रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह व्यापार और निवेश का माहौल मजबूत बना रहा, तो आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में और भी बड़ी और प्रभावशाली भूमिका निभा सकता है।

Jai Jagdamba News Whatsapp