ट्रेन से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत! अब सिर्फ 9 रुपये में मिलेगा ‘रेल नीर’, GST कटौती का मिला सीधा फायदा
Rail Neer Price Cut: ट्रेन से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बेहतरीन खबर है। भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने अपने मशहूर बोतलबंद पानी ब्रांड ‘रेल नीर’ (Rail Neer) और स्टेशनों पर बिकने वाले अन्य पैक्ड पानी की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। यह कदम हाल ही में जीएसटी (GST) दरों में हुई कमी के बाद उठाया गया है।
इसका मतलब है कि अब आपको ट्रेन में या प्लेटफॉर्म पर पानी की बोतल पहले से कम दाम में मिलेगी। रेलवे ने यह फैसला यात्रियों को सीधे तौर पर टैक्स में हुई कमी का फायदा पहुंचाने के लिए लिया है।
Rail Neer Price Cut के बाद क्या है नई कीमत?
20 सितंबर, 2025 को जारी एक ऑफिशियल नोटिस में रेलवे बोर्ड ने सभी जनरल मैनेजर्स और IRCTC के CMD को नए Maximum Retail Price (MRP) की जानकारी दी है। खास बात यह है कि यह कीमतें सिर्फ ‘रेल नीर’ के लिए ही नहीं, बल्कि रेलवे और IRCTC द्वारा मान्यता प्राप्त स्टेशनों और ट्रेनों में बेचे जाने वाले दूसरे बोतलबंद पानी के ब्रांड्स पर भी लागू होंगी।
- 1 लीटर की बोतल की कीमत अब 14 रुपये होगी, जो पहले 15 रुपये थी।
- 500 ml की बोतल अब सिर्फ 9 रुपये में मिलेगी, जबकि पहले इसकी कीमत 10 रुपये थी।
क्या कहता है रेलवे बोर्ड का ऑफिशियल नोटिस
रेलवे बोर्ड के इस कमर्शियल सर्कुलर (नंबर 18 of 2025) में साफ कहा गया है, “यह फैसला इस बात को सुनिश्चित करता है कि यात्रियों को जीएसटी में कमी का सीधा फायदा महसूस हो।”
गौरतलब है कि ये नई कीमतें 22 सितंबर, 2025 यानी कल से पूरे देश में लागू हो जाएंगी। इससे साफ जाहिर होता है कि भारतीय रेलवे ने टैक्स में बचत का फायदा यात्रियों तक पहुंचाने में देरी नहीं की है।
IRCTC की फ्लैगशिप प्रोडक्ट है रेल नीर
हालाकि कई लोगों को यह नहीं पता होगा कि ‘रेल नीर’ IRCTC की एक फ्लैगशिप प्रोडक्ट है, जिसे 2003 में लॉन्च किया गया था। इसका मकसद था यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और ट्रेन यात्रा के दौरान उन्हें साफ और सुरक्षित पीने का पानी मुहैया कराना।
ये भी पढ़ें: अब सिर्फ 2 घंटे में पुरा होगा पटना से सासाराम का सफर, ओमान की कंपनी बनाएगी 120 KM लंबा फोर-लेन एक्सप्रेस-वे
इसका पहला प्लांट दिल्ली के नांगलोई में राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों को सप्लाई करने के लिए लगाया गया था। आज, ‘रेल नीर’ ट्रेनों पर भरोसेमंद और स्वच्छ पीने के पानी का पर्याय बन चुका है, और अब कीमत कम होने के बाद यह पहले से भी ज्यादा सस्ता और सुलभ हो गया है।
आजकल के बढ़ते ट्रैवल खर्चों को देखते हुए, पानी की बोतल जैसी रोजमर्रा की चीजों में थोड़ी सी भी कमी लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत का काम कर सकती है। ‘रेल नीर’ की कीमत में यह कटौती भारत भर में यात्रा करने वाले लोगों के अनुभव को थोड़ा आसान और सस्ता बनाने की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।
