ईरान से बढ़ते युद्ध के बीच इजराइल का बड़ा फैसला, 827 मिलियन डॉलर का आपात रक्षा बजट मंजूर

ईरान से बढ़ते युद्ध के बीच इजराइल का बड़ा फैसला, 827 मिलियन डॉलर का आपात रक्षा बजट मंजूर

ईरान के साथ बढ़ते युद्ध और लगातार मिसाइल हमलों के बीच इजराइल ने बड़ा कदम उठाया है। देश की सरकार ने अचानक 827 मिलियन डॉलर का आपात रक्षा बजट मंजूर कर दिया है, ताकि सेना की तत्काल जरूरतों को पूरा किया जा सके। ईरान की ओर से 250 बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद इजराइल ने यह आपात फैसला लिया है।

इजराइल ने आपात रक्षा बजट को दी मंजूरी

इजराइल सरकार ने बढ़ते तनाव के बीच बड़ा फैसला लेते हुए करीब 827 मिलियन डॉलर (Israel 827 million defence budget) यानी लगभग 2.6 अरब शेकेल का अतिरिक्त रक्षा बजट मंजूर कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह फैसला मंत्रिमंडल के मंत्रियों की टेलीफोन पर हुई बैठक में लिया गया। बताया जा रहा है कि यह पैसा सुरक्षा से जुड़े जरूरी सामान और रक्षा उपकरण खरीदने में खर्च किया जाएगा।

हालांकि अभी तक सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि इस बजट से किन-किन हथियारों या सैन्य प्रणालियों की खरीद की जाएगी। गौरतलब है कि यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब ईरान और इजराइल के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और दोनों देशों के बीच हमलों का सिलसिला भी जारी है।

क्यों लिया गया रक्षा खर्च बढ़ाने का फैसला?

बता दें कि बढ़ते युद्ध और लगातार हमलों के बीच सरकार को रक्षा खर्च बढ़ाने का बड़ा फैसला लेना पड़ा है। वित्त मंत्रालय के एक दस्तावेज में कहा गया है कि,

मौजूदा हालात में सेना की जरूरतें तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था जरूरी हो गई थी। इस पैसे का इस्तेमाल गोला-बारूद की खरीद, नए और आधुनिक हथियार सिस्टम लेने और युद्ध के दौरान इस्तेमाल होने वाले जरूरी सैन्य भंडार को फिर से भरने के लिए किया जाएगा।

सरकार ने साफ कहा है कि,

यह एक असाधारण आपात फैसला है, जिसे केवल युद्ध की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। यह अतिरिक्त राशि देश के करीब 222 अरब डॉलर के कुल सरकारी बजट से निकाली जाएगी, जिसे हाल ही में मंजूरी मिली है और उम्मीद है कि संसद यानी कनेस्सेट 31 मार्च तक इसे औपचारिक रूप से पास कर सकती है।

Iran के मिसाइल हमलों से बढ़ा तनाव

मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दरअसल 28 फरवरी से इजराइल और ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई शुरू हुई थी और उसके बाद से ईरान की ओर से लगातार बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। हालांकि इजराइल की सेना अपने मिसाइल रक्षा तंत्र की मदद से ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने में सफल रही है।

रिपोर्ट के अनुसार 13 मार्च तक ईरान की तरफ से करीब 250 बैलिस्टिक मिसाइलें इजराइल की ओर दागी जा चुकी थीं। इन हमलों में अब तक इजराइल में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई जगह मिसाइल के मलबे गिरने से भी नुकसान हुआ है। इसी बीच इजराइल के विदेश मंत्री गिडिऑन सार ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि देश के पास मिसाइल रोकने वाले इंटरसेप्टर की कमी हो रही है।

उन्होंने साफ कहा कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए इजराइल सरकार अपनी सैन्य तैयारियों को और मजबूत करने में लगी हुई है और विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Jai Jagdamba News Whatsapp