Paras Defence को DRDO से मिला 80 करोड़ का बड़ा ऑर्डर, भारत की एयर डिफेंस तकनीक को मिलेगी नई ताकत

Paras Defence को DRDO से मिला 80 करोड़ का बड़ा ऑर्डर, भारत की एयर डिफेंस तकनीक को मिलेगी नई ताकत

Paras Defence DRDO Order: भारत की रक्षा तकनीक को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। रक्षा क्षेत्र की कंपनी पारस डिफेंस को DRDO से करोड़ों रुपये का नया प्रोजेक्ट मिला है। इस ऑर्डर के जरिए देश के एयर डिफेंस सिस्टम को और ज्यादा सटीक और आधुनिक बनाने की कोशिश की जाएगी।

बता दें कि यह प्रोजेक्ट हाई-प्रिसिजन ऑप्टिकल सिस्टम विकसित करने से जुड़ा है, जिसका इस्तेमाल हवाई सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सिस्टम में किया जाएगा।

DRDO ने Paras Defence को दिया 80.28 करोड़ रुपये का ऑर्डर

पारस डिफेंस (Paras Defence and Space Technologies) ने सोमवार को जानकारी दी कि उसे रक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली संस्था DRDO (Defence Research and Development Organisation) से करीब 80.28 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि यह कॉन्ट्रैक्ट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए हाई-प्रिसिजन ऑप्टिकल सिस्टम विकसित करने से जुड़ा है।

ये भी पढ़ें: 15 मिनट… और 1500 KM दूर दुश्मन का खेल खत्म! भारत की नई हाइपरसोनिक मिसाइल के आगे दुश्मन होगा बेबस

गौरतलब है कि इस सिस्टम का इस्तेमाल ऐसे उपकरणों में किया जाएगा जो हवाई खतरों का पता लगाने और उन्हें ट्रैक करने में मदद करते हैं।कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह ऑर्डर पूरी तरह घरेलू संस्था DRDO से मिला है और इसमें कंपनी के प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप का कोई हित नहीं है। इसके साथ ही कंपनी ने यह भी बताया कि यह किसी भी तरह का रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन नहीं है।

कितने दिनों में पूरा होगा ये डिफेंस प्रोजेक्ट?

कंपनी के अनुसार इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए लगभग 18 महीने का समय तय किया गया है। यानी सप्लाई ऑर्डर मिलने की तारीख से डेढ़ साल के भीतर इस हाई-प्रिसिजन ऑप्टिकल सिस्टम का विकास पूरा करने की योजना है।

गौरतलब है कि आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम में ऑप्टिकल तकनीक की अहम भूमिका होती है। यह तकनीक मिसाइल या अन्य हवाई खतरों को पहचानने और उन्हें ट्रैक करने में मदद करती है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट को भारत की रक्षा क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि इस खबर के बीच शेयर बाजार में कंपनी के शेयर में हल्की गिरावट भी देखी गई। सोमवार को दोपहर करीब 2:09 बजे पारस डिफेंस का शेयर लगभग 1860 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो करीब 2.36 प्रतिशत नीचे था।

ये भी पढ़ें: अब दुश्मन का बचना होगा नामुमकिन, भारत के सुदर्शन चक्र का हिस्सा बनेगा S-400 Air Defence System

कंपनी के वित्तीय नतीजों में भी दिखी मजबूत बढ़त

अगर पारस डिफेंस के हालिया वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो पारस डिफेंस ने दिसंबर तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा साल दर साल आधार पर 21.3 प्रतिशत बढ़कर 18.2 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा करीब 15 करोड़ रुपये था।

राजस्व के मामले में भी कंपनी ने अच्छी बढ़त दर्ज की। दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय 24 प्रतिशत बढ़कर 106.4 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह 85.8 करोड़ रुपये थी।

EBITDA में भी 19 प्रतिशत की बढ़त

हालांकि EBITDA में भी 19 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 26.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। लेकिन EBITDA मार्जिन में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। पिछले साल जहां यह 25.8 प्रतिशत था, वहीं इस बार यह घटकर 24.7 प्रतिशत रह गया। इसका मुख्य कारण कंपनी के कुल खर्च में बढ़ोतरी बताई जा रही है, खासकर फाइनेंस कॉस्ट और कर्मचारियों पर होने वाले खर्च में।

ये भी पढ़ें: भारत ने ₹79,000 करोड़ के रक्षा सौदों को दी मंजूरी, जानें सेना को मिलेंगे कौन से घातक हथियार

पारस डिफेंस के अलग-अलग कारोबार से बढ़ी कमाई

कंपनी के अलग-अलग कारोबार से अच्छी कमाई देखने को मिली है। खासकर ऑप्टिक्स और ओप्ट्रोनिक्स सिस्टम से होने वाली आय में तेज बढ़त दर्ज की गई है। इस हिस्से से कंपनी की कमाई बढ़कर 58.4 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी समय यह 44.4 करोड़ रुपये थी। वहीं रक्षा इंजीनियरिंग से जुड़े कारोबार से भी कंपनी को मजबूत आमदनी मिली।

इस हिस्से से कंपनी की आय 47.95 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 41.33 करोड़ रुपये थी। गौरतलब है कि पारस डिफेंस देश की उन चुनिंदा कंपनियों में गिनी जाती है जो रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में काम करती हैं। ऐसे में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) से मिला नया ऑर्डर कंपनी के साथ-साथ भारत की रक्षा तकनीक को भी आगे बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

Jai Jagdamba News Whatsapp