पंजाब नेशनल बैंक में 5,138 पदों पर बंपर भर्ती, जानें आवेदन तिथि, योग्यता और चयन प्रक्रिया
PNB Recruitment 2026: अगर आप बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। पंजाब नेशनल बैंक ने अप्रेंटिस पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान कर दिया है। इस भर्ती अभियान में देशभर के युवाओं के लिए कुल 5,138 पद निकाले गए हैं। आवेदन की समयसीमा सीमित है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को समय रहते तैयारी कर लेनी चाहिए।
PNB अप्रेंटिस भर्ती 2026 की पूरी जानकारी
पंजाब नेशनल बैंक ने अप्रेंटिस अधिनियम 1961 के तहत पीएनबी अप्रेंटिस भर्ती 2026 की आधिकारिक सूचना जारी कर दी है, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित की जा रही है। यह अधिसूचना 5 फरवरी 2026 को जारी होते ही युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गई है और बड़ी संख्या में उम्मीदवार इसमें रुचि दिखा रहे हैं।
इस अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम की अवधि एक वर्ष की होगी, जिसके दौरान चयनित अभ्यर्थियों को देशभर में स्थित पीएनबी की विभिन्न शाखाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण उम्मीदवारों को बैंकिंग क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का बेहतरीन अवसर देगा, जिससे भविष्य में बैंकिंग से जुड़े करियर की राह और आसान हो सकती है।
ये भी पढ़ें: BPSC ने जारी किया 2026 का एग्जाम कैलेंडर, जानें कब होगी कौन-सी परीक्षा? यहां देखे पूरा शेड्यूल
महत्वपूर्ण तिथियां
PNB Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 से शुरू होगी और 24 फरवरी 2026 तक चलेगी। बैंक की ओर से साफ कर दिया गया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, ऑनलाइन लिखित परीक्षा मार्च 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। हालांकि परीक्षा की सटीक तारीख और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
आयु सीमा
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। हालाकी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
PNB Recruitment 2026 के लिए आवेदन शुल्क, श्रेणी के अनुसार तय किया गया है।
- सामान्य, ओबीसी और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 944 रुपये
- महिला उम्मीदवारों के लिए 708 रुपये
- एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को 236 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: 10वीं पास युवाओं के लिए रेलवे में नौकरी, 22,000 पदों पर निकली भर्ती, सैलरी 18 हजार से शुरू
कौन कर सकता है आवेदन?
बता दें कि पीएनबी अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली हो। अभ्यर्थी जिस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश से आवेदन कर रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का उसे अच्छा ज्ञान होना चाहिए। यानी उम्मीदवार को उस भाषा को पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना जरूरी है, तभी वह इस भर्ती के लिए योग्य माना जाएगा।
चयन प्रक्रिया
PNB Apprentice Recruitment 2026 की चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। ऑनलाइन लिखित परीक्षा इस भर्ती का पहला और अहम चरण होगा। यह परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। परीक्षा में सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और कंप्यूटर ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा परीक्षा, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि सभी चरणों को पास करना अनिवार्य होगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार पंजाब नेशनल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा और शुल्क से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की गलती न हो।
ये भी पढ़ें: 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का मौका, भारतीय डाक में 28,740 पदों पर बिना परीक्षा सीधी भर्ती
PNB Apprentice Recruitment 2026 के लिए आवेदन करने के चरण:
- सबसे पहले PNB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं या सीधे BFSI SSC पोर्टल पर विजिट करें।
- वेबसाइट पर जाकर ‘Careers’ सेक्शन में उपलब्ध ‘Engagement of Apprentices 2025–26’ लिंक पर क्लिक करें।
- यदि आप नए उम्मीदवार हैं तो ‘New Registration’ विकल्प चुनें और नाम, मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी जैसी बुनियादी जानकारी दर्ज करें।
- आवेदन से पहले उम्मीदवारों का NATS पोर्टल (ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए) या NAPS पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य हो सकता है।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मिली आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में अपनी शैक्षिक योग्यता (Graduation) और अन्य व्यक्तिगत विवरण सावधानीपूर्वक भरें।
- निर्धारित फॉर्मेट में अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और स्नातक की मार्कशीट जैसे जरूरी दस्तावेज़ अपलोड करें।
- अपनी श्रेणी (General, OBC, SC, ST आदि) के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करें।
- सभी विवरण एक बार अच्छे से जांचने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट करें।
- भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट या पीडीएफ कॉपी सुरक्षित रख लें।
