बक्सर में रफ्तार का कहर! आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, 3 की मौत, 2 लड़ रहे जिंदगी की जंग
Buxar Apache Bike Crash: बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने बुधवार को तीन घरों के चिराग बुझा दिए। राजपुर थाना क्षेत्र के रोइनीभान गांव के पास हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। हादसा इतना जोरदार था कि मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला?
ये दिल दहला देने वाली घटना बुधवार को बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के रोइनीभान गांव के पास हुई, जहां दो तेज रफ्तार अपाचे मोटरसाइकिल आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर युवक दूर-दूर तक जा गिरे। इस सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: बक्सर: सिरके की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, 3600 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब लदा ट्रक जब्त
दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जो टक्कर की भयावहता को साफ दिखाती हैं। गौरतलब है कि अधिक रफ्तार, हेलमेट की कमी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी ने इस दुर्घटना को और भी जानलेवा बना दिया।
मृतकों और घायलों की पहचान
दुर्घटना में मारे गए युवकों में से एक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सूर्य देव कुमार, पिता सुभाष कुशवाहा के रूप में हुई है। वहीं इसी गांव के रितेश सिंह (पिता बंसी सिंह) और रूपेश सिंह (पिता नंदकिशोर) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हालाकी, हादसे में मारे गए दो अन्य युवकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों युवक कैमूर जिले के चणेश गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और अस्पतालों से संपर्क कर रही है।
ये भी पढ़ें: बक्सर में भीषण सड़क हादसा, घर से महज़ 3 किलोमीटर दूर डॉक्टर का परिवार दुर्घटनाग्रस्त, पत्नी की मौत
पुलिस जांच तेज, गांवों में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो युवकों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि टक्कर के समय बाइक की रफ्तार कितनी तेज थी और कहीं शराब पीकर गाड़ी चलाने या लापरवाही तो वजह नहीं बनी।
ये भी पढ़ें: बक्सर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-ट्रेलर की टक्कर में 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
इस दर्दनाक घटना के बाद बनारपुर समेत आसपास के गांवों में शोक का माहौल है और मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है। वहीं, बक्सर जिले में तेज गति, यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट न पहनने के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोइनीभान के पास गति नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त बेहद जरूरी हो गई है, तभी ऐसे हादसों पर लगाम लग सकती है।
