बक्सर में विकास की बड़ी सौगात, 592 करोड़ की योजनाओं से बदलेगा जिले का चेहरा

Nitish Kumar Buxar Visit 2026: नीतीश कुमार ने दी 592 करोड़ की योजनाओं की सौगात
1 min read

बक्सर में विकास की रफ्तार ने अचानक तेज़ी पकड़ ली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान जिले को 592 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिली, जिससे हजारों लोगों की उम्मीदें जुड़ गई हैं। बता दें कि इस ऐलान के साथ ही रोजगार, महिलाओं की आर्थिक ताकत और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये योजनाएं ज़मीन पर कितनी तेजी से उतरती हैं।

समृद्धि यात्रा में 592 करोड़ की योजनाओं का ऐलान

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर के किला मैदान में (Nitish Kumar Buxar Visit 2026) आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 592 करोड़ रुपये की 64 विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें 106 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 486 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

हालांकि, कार्यक्रम सिर्फ उद्घाटन और शिलान्यास तक सीमित नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया और मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर योजनाओं की जानकारी ली। इससे लोगों को सरकार की योजनाओं को समझने का मौका मिला।

ये भी पढ़ें: बक्सर में 1700 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

जीविका समूहों और युवाओं को मिला बड़ा लाभ

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं को सीधे लाभ दिया गया। 7,441 जीविका समूहों को 33 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि दी गई। वहीं, 7,859 स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 100 करोड़ रुपये के ऋण के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग से जुड़ी योजनाओं के तहत भी सहायता दी गई। लोगों को आयुष्मान कार्ड, बिहार छात्र ऋण योजना के पत्र और कुशल युवा कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य के विकास में जीविका समूहों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

परियोजनाओं की समीक्षा और रोजगार पर जोर

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा भी की। इनमें गंगा तटबंध सुदृढ़ीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण, अटल कला भवन का निर्माण, आईटीआई मैदान में खेल स्टेडियम, धनसोई बाईपास और जनेश्वर मिश्र पुल के पहुंच पथ जैसी योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि,

सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि आम लोगों को जल्द लाभ मिल सके

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि,

सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों का जीवन आसान बनाना और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार देना है

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में अब तेजी से सकारात्मक बदलाव दिख रहा है।

ये भी पढ़ें: बक्सर के विकास के लिए 295 करोड़ का बजट पास, मल्टी-स्टोरी पार्किंग से मरीन ड्राइव तक हुवे कई बड़े ऐलान

विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि,

राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है, अस्पतालों में बेड की संख्या का विस्तार हो रहा है और सड़कों व पुलों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है

उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मो. जमा खान समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Jai Jagdamba News Whatsapp