बक्सर: 10 साल का इंतजार खत्म! मई से चालू होगा 117 करोड़ का ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी राहत
बक्सर जिले के चौसा और आसपास के लोगों के लिए अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दरसल सालों से जिस रेल ओवरब्रिज का इंतजार हो रहा था, अब वह जल्द हकीकत बनने वाला है। मई से इस ROB पर गाड़ियों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है, जिससे रोज लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिल सकता है। बता दें कि एप्रोच रोड का काम लगभग पूरा हो चुका है और बाकी काम भी तेजी से खत्म किया जा रहा है।
चौसा-कोचस मार्ग पर ROB से मिलेगी बड़ी राहत
बता दें कि बक्सर जिले के चौसा-कोचस मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन के पास 78 ए गेट पर बन रहे रेल ओवरब्रिज (Chausa ROB Update 2026) का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से बनाए जा रहे इस पुल का एप्रोच रोड लगभग तैयार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि चौसा रेल ओवरब्रिज के शुरू होने से सबसे बड़ी समस्या यानी रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इस परियोजना के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: खत्म होने वाला है बक्सर का सबसे बड़ा जाम? विधायक आनंद मिश्रा ने खुद संभाली इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज की कमान!
117 करोड़ की परियोजना, देरी की रही लंबी कहानी
हालांकि, इस परियोजना को पूरा होने में काफी समय लगा है। साल 2015 में शुरू हुए इस 117 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का मुख्य ढांचा 2018 में ही तैयार हो गया था। लेकिन संपर्क मार्ग अधूरा रहने के कारण इसका फायदा आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा था।
परियोजना पदाधिकारी अखिलेश कुमार के अनुसार,
अप्रैल तक एप्रोच रोड के बाकी बचे काम भी पूरे कर लिए जाएंगे। हालांकि, पुल के नीचे दोनों तरफ कुछ छोटे कार्य अभी बाकी हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
तकनीकी कारणों और भूमि अधिग्रहण में आई दिक्कतों की वजह से इस परियोजना में देरी हुई। इस दौरान लोगों को रोजाना जाम और परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: डीएम साहिला ने किया चौसा पॉवर प्लांट का विशेष निरीक्षण, रोजगार से लेकर प्रदूषण तक दिए कड़े निर्देश
बरसात में बढ़ जाती थी परेशानी, अब मिलेगी राहत
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में यहां हालात और भी खराब हो जाते थे। कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाता था। रेलवे फाटक के पास घंटों जाम लगना आम बात थी। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार इस परियोजना को जल्द पूरा करने की मांग उठाई थी।
अब जब काम अपने अंतिम चरण में है, तो लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। परियोजना पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
