Tata Nexon का नया अवतार तैयार! 2027 मॉडल में हट जाएगा पुराना लुक, मिल सकते हैं ये प्रीमियम फीचर्स

Tata Motors अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Nexon को नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की अगली जनरेशन वाली Nexon को Garud कोडनेम दिया गया है और इसे 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। हालिया स्पाई तस्वीरों में इसके नए डिजाइन और इंटीरियर की कुछ जानकारियां सामने आई हैं।
नई Nexon में पहले से ज्यादा मॉडर्न लुक, बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम और नए सेफ्टी फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी इसके इंजन और प्लेटफॉर्म में भी बदलाव कर सकती है। आइए जानते हैं कि 2027 Tata Nexon में क्या कुछ नया मिलने की उम्मीद है।
2027 Tata Nexon का डिजाइन
नई जनरेशन Tata Nexon के डिजाइन में इस बार बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि SUV का मौजूदा आकार बरकरार रखते हुए इसे ज्यादा बॉक्सी और सीधा लुक दिया जा सकता है। खासतौर पर इसके फ्रंट प्रोफाइल और रूफलाइन में बदलाव की उम्मीद है।
नई Nexon की छत पहले के मुकाबले ज्यादा सपाट नजर आ सकती है। इससे पीछे बैठने वाले यात्रियों को बेहतर हेडरूम मिलने की संभावना है। साथ ही, SUV के पिछले हिस्से में सामान रखने के लिए ज्यादा उपयोगी जगह मिल सकती है।
टेस्टिंग के दौरान दिखाई देने वाली गाड़ी पूरी तरह कैमोफ्लाज से ढकी हुई थी। इसलिए इसके फाइनल डिजाइन के बारे में अभी कुछ भी निश्चित नहीं कहा जा सकता। इसके फ्रंट में नई ग्रिल, अपडेटेड LED लाइटिंग और बदला हुआ बंपर देखने को मिल सकता है।
साइड प्रोफाइल में सर्कुलर व्हील आर्च, ORVM में इंटीग्रेटेड टर्न इंडिकेटर्स और पारंपरिक पुल-टाइप डोर हैंडल दिए जाने की संभावना है। वहीं, नए अलॉय व्हील डिजाइन भी देखने को मिल सकते हैं। कुछ टेस्टिंग तस्वीरों में 17-इंच अलॉय व्हील दिखाई दिए हैं, जबकि पहले हायर वेरिएंट को 18-इंच अलॉय व्हील के साथ भी देखा गया था।
पीछे की तरफ नई टेल लाइट और अपडेटेड बंपर मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर Tata Nexon का नया मॉडल मौजूदा SUV से ज्यादा आधुनिक और मजबूत लुक में आ सकता है।
Tata Nexon Garud में क्या मिलेंगे फीचर्स?
नई Tata Nexon के केबिन में भी कई बदलाव होने की संभावना है। टेस्टिंग के दौरान इसके डैशबोर्ड और दूसरी जानकारियां पूरी तरह साफ नहीं दिखीं, लेकिन स्पाई तस्वीरों में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर नजर आया है।
इसके अलावा, SUV में मौजूदा मॉडल की तरह इल्यूमिनेटेड लोगो वाला टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है। हालांकि, इसके डिजाइन और स्टीयरिंग पर दिए गए कंट्रोल्स में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
नई Nexon में बड़ी स्क्रीन के साथ अपडेटेड यूजर इंटरफेस (UI) और नए कनेक्टेड फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है। इसके संभावित फीचर्स में लेदरेट सीटें, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और एंबिएंट लाइटिंग शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी इसमें एयर प्यूरीफायर, बिल्ट-इन डैशकैम (DVR) और 360-डिग्री कैमरा भी दे सकती है।
सुरक्षा के लिहाज से 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इनमें से कौन-से फीचर्स किस वेरिएंट में मिलेंगे।
नई Tata Nexon में मिलेगा ATLAS प्लेटफॉर्म
नई जनरेशन Nexon का सबसे बड़ा बदलाव इसके प्लेटफॉर्म में देखने को मिल सकता है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे Tata Motors के मॉड्यूलर ATLAS प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है। इस आर्किटेक्चर को 3.7 मीटर से 4.6 मीटर तक की गाड़ियों के लिए विकसित किया गया है। यह पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक जैसे अलग-अलग पावरट्रेन को सपोर्ट करने में सक्षम बताया गया है।
हालांकि, प्लेटफॉर्म को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स में मौजूदा X1 आर्किटेक्चर के बड़े बदलाव वाले वर्जन का भी जिक्र हुआ है। इसलिए अंतिम जानकारी का इंतजार करना होगा।
120PS पेट्रोल इंजन के साथ मिल सकता है नया डीजल इंजन
इंजन की बात करें तो नई Nexon में मौजूदा 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है। यह इंजन 120PS की पावर और 170Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जो करीब 118bhp के बराबर है। इसके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलने की उम्मीद है। फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी जारी रह सकता है।
डीजल इंजन को लेकर भी बदलाव की चर्चा है। मौजूदा 1.5-लीटर Revotorq डीजल इंजन की जगह Tata Sierra में इस्तेमाल होने वाला नया Kryojet टर्बो डीजल इंजन दिया जा सकता है। इसके साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलने की संभावना है। हालांकि, डीजल इंजन को लेकर कंपनी की अंतिम योजना अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल Tata Motors ने नई Nexon की कीमत, लॉन्च की सटीक तारीख और वेरिएंट की जानकारी साझा नहीं की है। इसकी लॉन्चिंग 2027 में होने की उम्मीद है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Venue, Maruti Brezza, Kia Sonet, Mahindra XUV 3XO और Skoda Kylaq जैसी कॉम्पैक्ट SUV से होगा।

