10,000mAh बैटरी के साथ आ सकता है Realme 17 Pro, पहली तस्वीरों में दिखा OnePlus जैसा कैमरा डिजाइन

Realme 17 Pro Leaks: स्मार्टफोन की बैटरी जल्दी खत्म होने की समस्या से परेशान लोगों के लिए Realme एक नया विकल्प पेश करने की तैयारी कर सकता है। कंपनी के आगामी Realme 17 Pro की कथित तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें फोन का नया डिजाइन और बदला हुआ कैमरा मॉड्यूल देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस फोन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी संभावित 10,000mAh बैटरी की है।
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, Realme 17 Pro में बड़ी बैटरी के साथ 144Hz AMOLED डिस्प्ले, MediaTek Dimensity प्रोसेसर और 65W फास्ट चार्जिंग मिल सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक फोन के डिजाइन और स्पेसिफिकेशन्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Realme 17 Pro का डिजाइन
Realme 17 Pro की कथित लाइव तस्वीरें टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की हैं। तस्वीरों में फोन का पिछला हिस्सा मैट फिनिश के साथ दिखाई दे रहा है। इसका कलर डार्क ग्रे या मैट ब्लैक जैसा नजर आता है। फोन में फ्लैट किनारे दिए गए हैं, जो इसे आधुनिक लुक देते हैं।
फोन के पिछले हिस्से में सबसे ज्यादा बदलाव कैमरा मॉड्यूल में देखने को मिल सकता है। इसमें स्क्वायर शेप का कैमरा आइलैंड दिया गया है, जिसके अंदर कैमरों की बनावट और जगह पहले से अलग नजर आती है। इसका डिजाइन हाल के OnePlus स्मार्टफोन से मिलता-जुलता दिखाई देता है।
EXCLUSIVE: ✨
Here is your very first look at the Realme 17 Pro. It will come with a camera module similar to the one we have seen on OnePlus smartphones.Specifications:
🔳 MediaTek Dimensity 7300 SoC
📱 144Hz refresh rate display
🤳 32MP front camera
🔋 10,000mAh battery
🔌 65W wired charging— Abhishek Yadav (@yabhishekhd) November 25, 2026
वहीं, फोन के फ्रंट पैनल पर बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा और डिस्प्ले के चारों तरफ पतले बेजल दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, ये शुरुआती लीक तस्वीरें हैं। ऐसे में लॉन्च के समय फोन के डिजाइन में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: फोन खरीदते समय 200MP कैमरा देखकर न हों खुश! जानिए कितने मेगापिक्सल का कैमरा देता है सबसे अच्छी फोटो
Realme 17 Pro के संभावित स्पेसिफिकेशन
Realme 17 Pro के फीचर्स को लेकर अब तक कई जानकारियां सामने आई हैं। इनमें 10,000mAh बैटरी से लेकर हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और नए कैमरा सेटअप तक की चर्चा है। हालांकि, अलग-अलग रिपोर्ट्स में कुछ स्पेसिफिकेशन्स को लेकर अंतर है। इसलिए इन्हें फिलहाल संभावित जानकारी के तौर पर ही देखना चाहिए।
बैटरी और चार्जिंग
Realme 17 Pro की सबसे बड़ी खासियत इसकी कथित 10,000mAh बैटरी हो सकती है। तुलना करें तो पिछले मॉडल Realme 16 Pro में 7,000mAh की बैटरी दी गई है। ऐसे में नए फोन में करीब 43 फीसदी ज्यादा बैटरी क्षमता मिलने की संभावना है।
चार्जिंग के मामले में फोन में 65W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने का दावा किया जा रहा है। वहीं, Realme 16 Pro में 80W चार्जिंग की सुविधा मिलती है। यानी नई बैटरी की क्षमता बढ़ सकती है, लेकिन चार्जिंग स्पीड कम होने की संभावना है। हालांकि, 10,000mAh बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में कितना समय लगेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
AMOLED डिस्प्ले और प्रोसेसर
डिस्प्ले की बात करें तो Realme 17 Pro में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला फ्लैट AMOLED पैनल मिल सकता है। इससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और एनिमेशन पहले के मुकाबले ज्यादा स्मूद नजर आ सकते हैं। कुछ पुरानी रिपोर्ट्स में 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट का भी जिक्र किया गया है। ऐसे में डिस्प्ले के अंतिम स्पेसिफिकेशन को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। यह 4nm तकनीक पर आधारित चिपसेट है। हालांकि, Realme 16 Pro में Dimensity 7300 Max प्रोसेसर दिया गया है। इसलिए नए मॉडल में बड़े परफॉर्मेंस अपग्रेड का दावा करना अभी जल्दबाजी होगी।
कैमरा सेटअप
कैमरे की बात करें तो Realme 17 Pro में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। यह पिछले मॉडल के 50MP सेल्फी कैमरे से कम रिजॉल्यूशन वाला होगा।
रियर कैमरे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। कुछ शुरुआती रिपोर्ट्स में 50MP प्राइमरी और 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं, Realme 16 Pro में 200MP का मुख्य कैमरा मिलता है। नए मॉडल में कौन-सा कैमरा सेटअप दिया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: 7,000mAh बैटरी और 144Hz डिस्प्ले वाला Motorola Edge 70 Neo लॉन्च, कीमत और फीचर्स जानिए
सॉफ्टवेयर और सुरक्षा फीचर्स
कुछ रिपोर्ट्स में Realme 17 Pro में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और IP68/IP69 रेटिंग मिलने की भी संभावना जताई गई है। सॉफ्टवेयर के मामले में Android 17 आधारित Realme UI या ColorOS मिलने की चर्चा है। हालांकि, इन फीचर्स की भी कंपनी ने पुष्टि नहीं की है।
भारत में Realme 17 Pro की लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा अभी नहीं हुआ है। तुलना के लिए बता दें कि Realme 16 Pro को जनवरी 2026 में 31,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। नए मॉडल की कीमत क्या होगी, यह फिलहाल साफ नहीं है।

