बक्सर में फिल्मी स्टाइल में चोरी, गैस कटर से ATM काट लूट लिए लाखों रुपये

बक्सर में फिल्मी स्टाइल में चोरी, गैस कटर से ATM काट लूट लिए लाखों रुपये

Buxar SBI ATM Loot: बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अखौरीपुर गोला स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम मशीन को अपराधियों ने गैस कटर की मदद से काटकर लाखों रुपयों की चोरी कर ली।

गौरतलब है कि चोरी के ठीक पहले पुलिस ने इसी एरिया में गश्ती के दौरान ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं, जिसके बाद लोग पुलिस की गंभीरता पर सवाल उठा रहे हैं।

Buxar SBI ATM Loot: चोरों ने प्लानिंग के साथ दिया घटना को अंजाम

जानकारी के मुताबिक यह एटीएम मशीन स्थानीय निवासी संतोष चौरसिया के मकान में लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे बैंक कर्मचारियों ने एटीएम में कैश लोड किया था। बता दें कि शटर लॉक न रहने का फायदा अपराधियों को आसानी से मिला। खास बात है कि वारदात से पहले अपराधियों ने एटीएम में लगे कैमरे पर कलर स्प्रे कर उसे पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया।

ये भी पढ़ें: बक्सर के सोहनी पट्टी में चली गोली, लॉज विवाद में राहुल पाल घायल; आरोपी भोला मिश्रा फायरिंग करते हुए फरार

इसके बाद उन्होंने शटर गिराकर गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन के कैश बॉक्स को काटा और रकम निकालकर आराम से फरार हो गए। इस दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में आसपास कोई असामान्य आवाज भी सुनाई नहीं दी, जिससे साफ होता है कि अपराधी बेहद प्रोफेशनल तरीके से काम कर रहे थे।

सुबह युवक पैसे निकालने पहुंचा तो खुला राज

रविवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक पैसे निकालने एटीएम पहुंचा। अंदर का मंजर देखकर वह घबरा गया और तुरंत पुलिस व मकान मालिक को सूचना दी। संतोष चौरसिया ने बताया कि एटीएम मशीन में लगभग 20 लाख रुपये लोड किए गए थे। हालाकि चोरी की सटीक राशि बैंक की आंतरिक जांच के बाद ही सामने आएगी।

सूचना मिलते ही बक्सर जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे अन्य मकानों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। बता दें कि जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

ये भी पढ़ें: सात बार के नेशनल चैंपियन रोहित धनखड़ की बेरहमी से हत्या, शादी में मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह

मुफस्सिल थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि चोरी की सटीक राशि बैंक रिपोर्ट के बाद निर्धारित होगी और अपराधियों की पहचान के लिए सभी तकनीकी तरीकों से जांच जारी है।

पुलिस पर लगा ‘फोटोशूट वाली गश्ती’ का आरोप

घटना के बाद इलाके में नाराजगी चरम पर है। लोगों का कहना है कि पुलिस सिर्फ सोशल मीडिया पर गश्ती वाली तस्वीरें डालकर वाहवाही लूटने में व्यस्त रहती है, जबकि अपराधी खुलकर वारदात कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसे अपराधों पर रोक लगे और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि एटीएम सुरक्षा के लिए जिम्मेदार एजेंसियों और स्थानीय पुलिस दोनों को अपनी प्रणालियों की समीक्षा करनी होगी। खास बात है कि इससे पहले भी बिहार के कई जिलों में गैस कटर से कटे हुए एटीएम की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे साफ है कि अपराधी एक संगठित गिरोह के रूप में सक्रिय हैं।

ये भी पढ़ें: अर्जुन यादव हत्याकांड में मुख्य शूटर निखिल गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार और कारतूस जब्त

Jai Jagdamba News Whatsapp