सात बार के नेशनल चैंपियन रोहित धनखड़ की बेरहमी से हत्या, शादी में मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह

Rohit Dhankhad Murder Bhiwani: सात बार के नेशनल चैंपियन की बेरहमी से हत्या, शादी में गाली-गलौज रोकना पड़ा भारी!
1 min read

Rohit Dhankhad Murder Bhiwani: हरियाणा के भिवानी में एक दर्दनाक घटना ने पूरे खेल जगत को हिला दिया है। सात बार के नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियन रोहित धनखड़ की एक शादी समारोह में कुछ ही मिनटों की कहासुनी ने जान ले ली। खास बात यह है कि रोहित अपने दोस्त के साथ सिर्फ शगुन डालने गए थे, लेकिन वापस घर लौटने का मौका ही नहीं मिला। गौरतलब है कि जिस तरह से रोहित को पीटा गया, वह सुनकर हर किसी का दिल दहल उठा है।

शादी में शुरू हुई छोटी सी कहासुनी ने ली जान

हरियाणा के रोहतक और भिवानी जिले इन दिनों एक ही सवाल से गूंज रहे हैं, की आखिर सात बार के नेशनल पावरलिफ्टिंग विजेता रोहित धनखड़ के साथ इतनी दरिंदगी क्यों हुई? बता दें कि 28 वर्षीय रोहित धनखड़ इन दिनों रोहतक के सेक्टर-4 स्थित जिमखाना क्लब में जिम ट्रेनर के पद पर कार्यरत थे।

अपने बेहतरीन खेल और शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले रोहित अपने दोस्त जतिन के साथ भिवानी के गांव रिवाड़ी खेड़ा शादी में शामिल होने गए थे। ये शादी जतिन की बहन की ननद की थी। शगुन डालने के बाद दोनों ने आराम से कार्यक्रम में समय बिताया, लेकिन देर रात स्थिति अचानक बिगड़ गई।

ये भी पढ़ें: अर्जुन यादव हत्याकांड में मुख्य शूटर निखिल गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार और कारतूस जब्त

बारातियों ने की अभद्रता, रोहित ने किया विरोध

शादी में तिगड़ाना गांव से बारात आई थी। आरोप है कि कुछ युवक नशे में थे और लड़कियों के पास जाकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। उसी दौरान रोहित ने उन्हें समझाने व रोकने की कोशिश की। यही बात युवकों को नागवार गुज़री, और हल्की कहासुनी हो गई।

हालांकि, उस समय मामला शांत होता दिखा और युवक वहां से चले गए। लेकिन सबको अंदेशा भी नहीं था कि यह मामूली सा विवाद आगे जाकर एक भयानक वारदात का रूप ले लेगा।

Rohit Dhankhad Murder Bhiwani: शादी खत्म होते ही शुरू हुई वारदात

शादी कार्यक्रम खत्म होने के बाद रोहित और जतिन अपनी गाड़ी में बैठकर घर लौट रहे थे। रास्ते में एक फाटक बंद मिला, जिससे गाड़ी रुक गई और इसी मौके का फायदा उठाकर करीब 20 युवक हाथों में हथियार लेकर वहां पहुंच गए।

जैसे ही हमलावरों ने गाड़ी को घेरा, रोहित और जतिन बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश में भागे। जतिन किसी तरह अंधेरे में बचकर निकल गया, लेकिन रोहित को पकड़ लिया गया। उसके बाद जो हुआ, वह शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

ये भी पढ़ें: बड़े भाई की मौत के बाद राजेश ने खुद को गोली मार कर की खुदखुसी, बोला “बर्दाश्त नहीं हो रही भाई की मौत”

हमलावरों ने रोहित धनखड़ पर ताबड़तोड़ हमला किया। बता दें कि शरीर का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं था जहां चोट के निशान न हों। यानी पूरी क्रूरता के साथ उसे पीटा गया। हमलावर रात के अंधेरे में फरार हो गए, जिसके बाद जतिन ने हिम्मत करके घायल रोहित को उठाया और अस्पताल ले गया।

रातभर जिंदगी और मौत के बीच झूलता रहा चैंपियन

अस्पताल से रोहित को तुरंत PGIMS रोहतक रेफर किया गया। हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टर्स ने उसे ICU में भर्ती किया। देर रात से लेकर सुबह तक डॉक्टर्स लगातार उसकी जान बचाने की कोशिश करते रहे। लेकिन रविवार सुबह करीब 10 बजे इस उभरते खिलाड़ी ने दम तोड़ दिया।

रोहित धनखड़ के परिवार का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनके चाचा सतीश धनखड़ ने बताया कि साल 2017 में रोहित के पिता सत्यवान का निधन हो गया था, जिसके बाद उसकी मां ने सिलाई करके बड़े संघर्षों के बीच अपने बेटे को पाला और उसे इस मुकाम तक पहुंचाया।

रोहित न सिर्फ अपने परिवार का सहारा था बल्कि पूरे गांव की शान माना जाता था। बता दें कि इसी दर्द (Rohit Dhankhad Murder Bhiwani) के चलते परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी हालत में उन्हें छोड़ा न जाए।

ये भी पढ़ें: पलाश मुच्छल के साथ जुड़ा एक और महिला का नाम, जानें कौन हैं कोरियोग्राफर गुलनाज खान

पुलिस जांच तेज, कई टीमों का गठन

पुलिस ने इस दर्दनाक घटना को लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की पहचान के लिए कई विशेष टीमें बनाई जा चुकी हैं। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि हमला करने वालों में से कई युवक तिगड़ाना गांव के रहने वाले हैं। वहीँ सीसीटीवी फुटेज और शादी के वीडियो के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को चिन्हित भी कर लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, जल्द ही सभी आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा, हालाँकि अभी तक किसी आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच खेल जगत में भी शोक और आक्रोश का माहौल है, जहाँ नेशनल पावरलिफ्टिंग सर्किट से जुड़े कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा व्यक्त करते हुए रोहित धनखड़ को एक शांत, अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी के रूप में याद किया है और न्याय की मांग की है।