सरकार के एक फैसले से सोना ₹11,000 महंगा, चांदी ₹3 लाख पार, खरीददारों में हलचल
Gold Import Duty Hike: सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए आज की सुबह बड़ी खबर लेकर आई है। सरकार के एक फैसले के बाद बाजार में ऐसा उछाल आया कि MCX पर सोना एक झटके में हजारों रुपये महंगा हो गया, जबकि चांदी भी तेज रफ्तार से 3 लाख के पार पहुंच गई। ऐसे में आइए जानते हैं की आखिर अचानक क्यों भड़के दाम, क्या अब गहने खरीदना और महंगा होगा और आम लोगों पर इसका क्या असर पड़ेगा?
एक दिन में सोना 11 हजार रुपये महंगा
मोदी सरकार ने सोने पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है, जिसके बाद विदेश से सोना मंगाना अब पहले से ज्यादा महंगा हो जाएगा। इस फैसले का असर तुरंत घरेलू बाजार में देखने को मिला।
MCX पर 5 जून एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना मंगलवार को 1,53,442 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह बाजार खुलते ही इसकी कीमत बढ़कर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। यानी सिर्फ एक दिन में सोने के दाम 11,055 रुपये चढ़ गए। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और हलचल देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: 14 मई से बनेगा महालक्ष्मी राजयोग, इन 4 राशियों की चमक सकती है किस्मत, धन लाभ के प्रबल संकेत
3 लाख रुपये के पार पहुंचा चांदी
सोने के साथ अब चांदी ने भी बाजार में तेज रफ्तार पकड़ ली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी मंगलवार को 2,79,062 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन बुधवार सुबह बाजार खुलते ही इसका भाव बढ़कर 3,01,429 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। यानी एक ही झटके में चांदी 22,367 रुपये महंगी हो गई।
गौरतलब है कि चांदी का इस्तेमाल केवल निवेश के लिए नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर और कई उद्योगों में भी बड़े पैमाने पर होता है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने का असर अलग-अलग सेक्टरों पर भी देखने को मिल सकता है।
तेजी के बाद भी रिकॉर्ड स्तर से नीचे है सोना-चांदी का भाव
बुधवार को कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद सोना और चांदी अभी भी अपने पुराने रिकॉर्ड स्तर तक नहीं पहुंचे हैं। सोने का जनवरी महीने में सबसे ऊंचा भाव 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि मौजूदा कीमत इससे 38,487 रुपये कम चल रही है।
वहीं चांदी का अब तक का सबसे ऊंचा रेट 4,57,328 रुपये प्रति किलो रहा है और वर्तमान भाव इससे 1,55,899 रुपये नीचे है। यानी ताजा तेजी के बाद भी दोनों कीमती धातुएं अपने उच्चतम स्तर से काफी दूर हैं।
ये भी पढ़ें: भारत के ऊर्जा भंडार को लेकर सरकार का बड़ा खुलासा, जानिए कितना बचा है देश में तेल और गैस का स्टॉक
आखिर क्यों महंगा हुआ विदेश से आने वाला सोना?
सरकार ने सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी इसलिए बढ़ाई (Gold Import Duty Hike) है क्योंकि विदेशों से ज्यादा सोना मंगाने पर भुगतान डॉलर में करना पड़ता है, जिससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ता है और ट्रेड डेफिसिट भी बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए सरकार ने गोल्ड कस्टम ड्यूटी में बड़ा बदलाव किया है।
बेसिक कस्टम ड्यूटी 5 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दी गई है, जबकि एआईडीसी 1 फीसदी से बढ़ाकर 5 फीसदी कर दिया गया है। बता दें कि 2024 के बजट में जितनी राहत दी गई थी, अब लगभग उतनी ही बढ़ोतरी दोबारा कर दी गई है।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से एक साल तक जरूरत न हो तो सोना खरीदने से बचने की अपील की थी, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके। हालांकि सरकार के इस फैसले के बाद बाजार में नई हलचल जरूर देखने को मिली है।
