7600mAh बैटरी, 12GB रैम और 100W फास्ट चार्जिंग के साथ iQOO 15R भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और ऑफर्स
iQOO 15R Launch: भारत में iQOO ने अपना नया स्मार्टफोन iQOO 15R लॉन्च कर दिया है। यह फोन उन यूज़र्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो दिनभर काम, गेमिंग और एंटरटेनमेंट के बीच स्विच करते रहते हैं। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस पावरफुल परफॉर्मेंस के साथ आरामदायक वन-हैंड यूज अनुभव भी देता है। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या ये नया डिवाइस सच में अपने प्राइस सेगमेंट में सबको टक्कर देगा?
iQOO 15R स्पेसिफिकेशन
iQOO 15R की सबसे बड़ी ताकत इसका Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर है। यह लेटेस्ट फ्लैगशिप चिपसेट है जो हैवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग को स्मूथ बनाता है। इसके साथ LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है, जिससे ऐप लोडिंग और डेटा ट्रांसफर काफी तेज हो जाता है।
इसमें SuperComputing Chip Q2 भी दिया गया है, जो गेमिंग के दौरान स्टेबल फ्रेम रेट बनाए रखने में मदद करता है। यानी लंबे गेमिंग सेशन में भी लैग की समस्या कम देखने को मिलेगी।
7600mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग
आजकल यूज़र्स की सबसे बड़ी चिंता बैटरी लाइफ होती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए iQOO 15R में 7600mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसे कंपनी ने 7.9mm की स्लिम बॉडी में फिट किया है। यह फोन 100W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है, जिससे कम समय में फोन दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है।
लंबे इस्तेमाल के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें एडवांस कूलिंग सिस्टम और ग्रेफाइट लेयर दी गई है, जिससे हीट कंट्रोल बेहतर रहता है।
AMOLED डिस्प्ले और 144Hz रिफ्रेश रेट
फोन में 1.5K रेजोल्यूशन वाली AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। इससे स्क्रॉलिंग, गेमिंग और वीडियो देखने का अनुभव काफी स्मूथ हो जाता है। हाई ब्राइटनेस लेवल की वजह से धूप में भी स्क्रीन आसानी से देखी जा सकती है। जो लोग आउटडोर ज्यादा रहते हैं, उनके लिए यह फीचर काफी काम का साबित हो सकता है।
Sony कैमरा और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग
फोटोग्राफी के लिए iQOO 15R में 50MP Sony मेन कैमरा दिया गया है, जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन यानी OIS के साथ आता है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस भी है।
सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है और लो-लाइट फोटोग्राफी को बेहतर बनाने के लिए खास फीचर्स भी दिए गए हैं।
Android 16 आधारित OriginOS 6
यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है। कंपनी ने चार साल तक सॉफ्टवेयर अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। इसके अलावा फोन में AI आधारित टूल्स दिए गए हैं, जो राइटिंग, इमेज एडिटिंग, टेक्स्ट ट्रांसलेशन और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में मदद करते हैं।
IP68 और IP69 रेटिंग
iQOO 15R को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है, यानी यह धूल और पानी से सुरक्षित है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में यह फीचर फोन को ज्यादा टिकाऊ बनाता है। कुल मिलाकर iQOO 15R उन यूज़र्स के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आया है जो परफॉर्मेंस, बैटरी और प्रीमियम फीचर्स का संतुलन चाहते हैं।
कीमत और उपलब्धता
iQOO 15R को भारत में 44,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है, जिसमें 8GB RAM और 256GB स्टोरेज मिलता है। 12GB RAM और 256GB वेरिएंट की कीमत 47,999 रुपये रखी गई है, जबकि 12GB RAM और 512GB स्टोरेज वाला टॉप मॉडल 52,999 रुपये में आएगा।
हालांकि बैंक ऑफर्स लगाने के बाद यही फोन क्रमशः 40,999 रुपये, 43,999 रुपये और 48,999 रुपये तक में मिल सकता है। यह स्मार्टफोन ट्रायम्फ सिल्वर और डार्क नाइट रंगों में उपलब्ध होगा। प्री-बुकिंग 24 फरवरी 2026 से शुरू होगी और सेल 3 मार्च 2026 से लाइव होगी।
ग्राहक इसे Amazon, iQOO के ऑनलाइन स्टोर और ऑफलाइन आउटलेट्स जैसे Reliance Digital और vivo एक्सक्लूसिव स्टोर्स से खरीद सकेंगे। वहीं प्री-बुकिंग के दौरान चुनिंदा बैंक कार्ड पर 4,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट और मुफ्त iQOO TWS 1e ईयरबड्स भी दिए जाएंगे।
क्या 45 हजार में iQOO 15R लेना फायदे का सौदा है?
अगर आप ऐसे यूज़र हैं जिसे दमदार गेमिंग, लंबी चलने वाली बड़ी बैटरी और फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस चाहिए, तो iQOO 15R आपको निराश नहीं करेगा। इसकी पावर और बैटरी बैकअप इसे इस रेंज में मजबूत दावेदार बनाते हैं। हालाकी जिन लोगों के लिए कैमरा ही पहली प्राथमिकता है, उन्हें खरीदने से पहले दूसरे विकल्पों से तुलना जरूर करनी चाहिए।
कुल मिलाकर यह फोन खास तौर पर पावर यूज़र्स के लिए तैयार किया गया है और अब मुकाबला इसी प्राइस सेगमेंट में तय करेगा कि असली विजेता कौन बनता है।
