भारत-पाकिस्तान के बीच फिर बढा तनाव, ऑपरेशन सिन्दूर की बरसी से पहले आमने-सामने आए दोनों देश
ऑपरेशन सिन्दूर (Operation Sindoor) की बरसी नजदीक आते ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान की चेतावनी और भारत के कड़े जवाब ने माहौल को और गरमा दिया है। हालांकि, इस बार मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं दिख रहा, क्योंकि बीते साल की सैन्य कार्रवाई की यादें भी ताजा हो गई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
पाकिस्तान ने दी भारत को चेतावनी
बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि,
अगर कोई हमला होता है तो पाकिस्तान “तेज, संतुलित और निर्णायक” जवाब देगा
ख्वाजा आसिफ ने भारत की हालिया बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए इसे ताकत नहीं बल्कि रणनीतिक चिंता का संकेत बताया। आसिफ ने आरोप लगाया कि भारत अंदरूनी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के बयान दे रहा है और जानबूझकर माहौल को तनावपूर्ण बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि,
ऐसी धमकी भरी भाषा कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह एक तय पैटर्न का हिस्सा है। इन बयानों से साफ दिखता है कि दोनों देशों के बीच भरोसे की कमी अभी भी बनी हुई है।
पहलगाम हमले के बाद भारत का करारा जवाब
बता दें कि पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी और इनमें अधिकतर पर्यटक शामिल थे। इस दर्दनाक घटना के बाद भारत ने चुप नहीं बैठते हुए 7 मई की आधी रात के बाद एक बड़ा सैन्य अभियान ऑपरेशन सिन्दूर शुरू किया, जो करीब 25 मिनट तक चला।
इस दौरान पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में छिपे कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया गया। इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के ठिकाने तबाह किए गए।
हालांकि, इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया और बीच-बीच में तीखी बयानबाजी (Operation Sindoor India Pakistan Tension) जारी रही।
राजनाथ सिंह का कड़ा संदेश, नौसेना का खुलासा
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि,
अगर पाकिस्तान कोई भी गलत कदम उठाता है, तो भारत उसे ऐसा जवाब देगा जिसे वह कभी भूल नहीं पाएगा। ऑपरेशन सिन्दूर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और जरूरत पड़ने पर फिर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि भारत की नीति आतंकवाद के खिलाफ पूरी तरह सख्ती वाली है और देश अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। इसी बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि,
ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारत, समुद्र के रास्ते पाकिस्तान पर हमला करने से कुछ ही मिनट दूर था। उस समय पाकिस्तान की ओर से कार्रवाई रोकने की गुजारिश की गई, जिसके बाद हालात को संभाला गया।
गौरतलब है कि यह सब ऐसे समय में सामने आया है जब इस ऑपरेशन की पहली बरसी करीब है और दोनों देशों यानि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव फिर से बढ़ता नजर आ रहा है।
