दिल्ली में लाल किला के पास बड़ा धमाका, कार में लगी आग, कई घायल, राजधानी में हाई अलर्ट जारी
Red Fort Blast Delhi: दिल्ली के लाल किला इलाके में सोमवार शाम एक तेज धमाके से हड़कंप मच गया। यह इलाका देश की राजधानी का हाई सिक्योरिटी ज़ोन माना जाता है, जहां आसपास कई ऐतिहासिक और संवेदनशील स्थान हैं। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। बताया जा रहा है कि विस्फोट एक कार में हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई और आसमान में घना धुआं उठने लगा।
Red Fort Blast Delhi: धमाके से दहला लाल किला इलाका, मंदिर और दुकानों को हुआ नुकसान
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए धमाके ने आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हादसे के बाद तुरंत पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि विस्फोट की ताकत इतनी ज्यादा थी कि पास के लाल जैन मंदिर और आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान हुआ। मंदिर के शीशे टूट गए और दुकानों की खिड़कियां चटक गईं।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में बड़ा रेल हादसा, बिलासपुर में पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में भीषण टक्कर, 6 की मौत
स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके से कांच का एक टुकड़ा पास की एक इमारत में जा गिरा। वहीं, पास की लाजपत राय मार्केट में भी आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घायलों को ले जाया गया एलएनजेपी अस्पताल
सूत्रों के मुताबिक, 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी व्यवस्था सक्रिय कर दी है। एक स्थानीय निवासी ने बताया की “मैंने अपने घर से आग की लपटें देखीं। फिर नीचे आकर देखा तो गाड़ियों में आग लगी हुई थी। धमाका बहुत जोरदार था।”
View this post on Instagram
पुलिस, NIA और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर
फायर ब्रिगेड को धमाके की सूचना शाम 6 बजकर 55 मिनट पर मिली थी। कुछ ही देर में 7 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और NIA की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अभी यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि धमाके के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल फॉरेंसिक टीम सैंपल जुटा रही है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मोकामा में दुलारचंद हत्याकांड पर चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन, हटाए गए SP-SDO समेत 4 अफसर, SDPO सस्पेंड
मेट्रो स्टेशन बंद, दिल्ली में हाई अलर्ट
विस्फोट के बाद DMRC (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) ने एहतियातन लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 पर एंट्री और एग्जिट दोनों बंद कर दिए हैं। वायलेट लाइन के कुछ अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों की जांच बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ा दी गई है और हर वाहन की सख्त जांच की जा रही है।
जांच जारी, केंद्र सरकार भी सतर्क
गृह मंत्रालय ने इस पूरे मामले पर रिपोर्ट तलब की है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि अभी प्राथमिक जांच चल रही है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि लाल किला एक राष्ट्रीय धरोहर है और स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजनों का मुख्य केंद्र भी रहा है। ऐसे में इस इलाके में धमाके की खबर ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।
ये भी पढ़ें: देहरादून में भीषण सड़क हादसा, बिहार के छात्र की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल
अभी तक क्या जानकारी सामने आई
- धमाका शाम करीब 6:55 बजे हुआ।
- लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में विस्फोट हुआ।
- 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
- 8 लोग घायल, इलाज जारी।
- NIA और दिल्ली पुलिस जांच में जुटी।
- राजधानी में हाई अलर्ट घोषित।
ऐसे ही और महत्वपूर्ण खबरों को अपने फोन पर पाने के लिए, जुड़िए हमारे साथ
