बक्सर: अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, JCB और ट्रैक्टर समेत 5 गिरफ्तार

Buxar Singrahiya Pond Illegal Mining Case
1 min read

बक्सर के नया बस स्टैंड के पास स्थित सिंगरहिया तालाब में एक बार फिर अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। देर रात पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान जेसीबी मशीन और मिट्टी लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। बता दें कि पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों के बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

सिंगरहिया तालाब में देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मंगलवार देर रात करीब तीन बजे नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिंगरहिया तालाब में अवैध तरीके से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन और दो मिट्टी लदे ट्रैक्टर जब्त कर लिए। साथ ही पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।

इनमें दो ट्रैक्टर चालक, एक जेसीबी ऑपरेटर और दो अन्य लोग शामिल हैं, जो कथित तौर पर मिट्टी कटाई का काम करवा रहे थे। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि हिरासत में लिए गए लोगों का कहना है कि वे नगर परिषद के निर्देश पर काम कर रहे थे। इसी वजह से अब नगर परिषद से भी जवाब मांगा गया है।

ये भी पढ़ें: महादेवा घाट पर देर रात भयानक टक्कर, हादसे के बाद का मंजर देख कांप उठे लोग

वैध आदेश नहीं मिला तो होगी सख्त कार्रवाई

इस मामले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने साफ कहा कि तालाब की खुदाई का काम पहले ही पूरा कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि उस कार्य की मापी पुस्तिका भी तैयार हो चुकी है और वर्तमान में चल रही मिट्टी कटाई पूरी तरह अवैध है।

नगर परिषद के कनीय अभियंता भूलन यादव ने भी इस बात की पुष्टि की है कि मौके पर हो रही खुदाई किसी वैध आदेश के तहत नहीं की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि,

यदि नगर परिषद की तरफ से कोई वैध आदेश या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो पकड़े गए सभी लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वैध कागजात मिलने की स्थिति में उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ा जा सकता है।

पहले भी उठ चुका है अवैध खनन का मामला

सिंगरहिया तालाब में अवैध खनन (Buxar Singrahiya Pond Illegal Mining Case) का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सात मई की रात इसी जगह से अवैध खुदाई की शिकायत सामने आई थी। उस समय पूर्व वार्ड पार्षद राकेश सिंह ने एसडीएम अविनाश कुमार से शिकायत की थी। हालांकि उस दौरान कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई थी। अब दोबारा मामला सामने आने के बाद कई सवाल खड़े होने लगे हैं।

ये भी पढ़ें: ईबोला वायरस के कीलर वर्ज़न ने बढ़ाई दुनिया की चिंता, WHO ने जारी की इंटरनेशनल हेल्थ चेतावनी

पूर्व वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में अधिकारियों की मिलीभगत भी हो सकती है। प्रशासन की ओर से अभी इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नगर परिषद से मिले जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai जय जगदम्बा न्यूज के Founder और Editor हैं। उन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है। वे बिहार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के साथ करियर, शिक्षा, नौकरी, राजनीति, धर्म, बिजनेस, टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जैसे विषयों पर गहन और शोध-आधारित लेख प्रकाशित करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल, स्पष्ट और विश्वसनीय भाषा में उपयोगी, तथ्यपरक और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना है, जिससे लोग सही और जागरूक निर्णय ले सकें।

View all articles by Veer Rai →