यूपी के इस पावर प्लांट पर अडानी ग्रुप का बड़ा कब्जा, ₹4,193 करोड़ की डील से बढ़ेगी ताकत
Adani Power JP Power Deal: अडानी ग्रुप ने पावर सेक्टर में एक और बड़ा दांव खेल दिया है। कंपनी अब जयप्रकाश पावर वेंचर्स में 24 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश का चुरक थर्मल पावर प्लांट भी अडानी पावर के हाथ में आ सकता है। ₹4,193 करोड़ की इस बड़ी डील के बाद बिजली कारोबार में अडानी की ताकत और बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है। आखिर इस सौदे से क्या बदलने वाला है, जानिए पूरी डिटेल।
जयप्रकाश पावर में 24% हिस्सेदारी खरीदेगी अडानी पावर
अडानी पावर ने जयप्रकाश एसोसिएट्स के साथ बड़ा समझौता करते हुए जयप्रकाश पावर वेंचर्स में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया है। इस हिस्सेदारी को खरीदने के लिए कंपनी करीब ₹2,993.6 करोड़ खर्च करेगी। माना जा रहा है कि इस डील के बाद अडानी ग्रुप की पावर सेक्टर में पकड़ और मजबूत हो सकती है।
बता दें कि यह पूरा सौदा NCLT से मंजूर हुए रिजॉल्यूशन प्लान का हिस्सा है। कंपनी ने इसके लिए शेयर खरीद समझौते पर भी हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ ही अडानी पावर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मौजूद 180 मेगावाट के चुरक पावर प्लांट को भी अपने नियंत्रण में लेने जा रही है। इस प्लांट और उससे जुड़े एसेट्स की कीमत करीब ₹1,200 करोड़ बताई गई है।
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इस अधिग्रहण से अडानी पावर की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और कंपनी को उत्तर भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: भारत के ऊर्जा भंडार को लेकर सरकार का बड़ा खुलासा, जानिए कितना बचा है देश में तेल और गैस का स्टॉक
यूपी के इस थर्मल प्लांट पर अडानी ग्रुप की बड़ी नजर
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मौजूद चुरक थर्मल पावर प्लांट अब अडानी पावर के लिए बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है। माना जा रहा है कि इस प्लांट के जुड़ने से कंपनी की उत्तर भारत में मौजूदगी और मजबूत होगी। बिजली सेक्टर में तेजी से विस्तार कर रही अडानी पावर अब थर्मल एनर्जी कारोबार में अपनी पकड़ और बढ़ाने की तैयारी में है।
इस सौदे की खास बात यह भी है कि इसमें प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड में 11.49 फीसदी हिस्सेदारी शामिल है। इससे कंपनी को बिजली उत्पादन के साथ ऊर्जा और खनन से जुड़े दूसरे संसाधनों तक भी पहुंच मिल सकती है। बता दें कि जयप्रकाश पावर वेंचर्स के पास कुल 2,220 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता है, जिसमें थर्मल और हाइड्रो दोनों प्रोजेक्ट शामिल हैं।
हालांकि कंपनी के कारोबार के आंकड़ों में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का टर्नओवर घटकर ₹57,063 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल यह ₹71,510 करोड़ था। इसके बावजूद ऊर्जा क्षेत्र में कंपनी की संपत्तियों को काफी अहम माना जा रहा है।
90 दिनों में पूरी हो सकती है अडानी की बड़ी डील
अडानी ग्रुप की जयप्रकाश एसोसिएट्स (JP Associates) से जुड़ी बड़ी डील अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। इस साल मार्च में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने अडानी ग्रुप के ₹14,535 करोड़ के रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी थी। इसके बाद कंपनी ने जयप्रकाश पावर वेंचर्स (JP Power) में हिस्सेदारी खरीदने और उत्तर प्रदेश के चुरक थर्मल पावर प्लांट को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें: डॉलर के मुकाबले बुरी तरह टूटा रुपया, पहली बार 96 के पार पहुंचा रेट, आम जनता पर दिखेगा असर
दिलचस्प बात यह है कि इस रेस में वेदांता ने ज्यादा रकम की बोली लगाई थी, लेकिन कर्जदाताओं ने अडानी ग्रुप के प्रस्ताव को ज्यादा भरोसेमंद माना। इसी वजह से लेंडर्स ने अडानी के प्लान को समर्थन दिया। अब माना जा रहा है कि मंजूरी मिलने के 90 दिनों के भीतर यह पूरा सौदा खत्म हो सकता है।
बता दें कि इस डील को पहले ही भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी सीसीआई से भी हरी झंडी मिल चुकी है। वहीं मई 2026 में एनसीएलएटी ने भी एनसीएलटी के फैसले को बरकरार रखा। ऐसे में अब इस सौदे के पूरा होने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।
