AMOLED डिस्प्ले, OIS कैमरा और AI फीचर्स के साथ सैमसंग का Galaxy A27 5G लॉन्च, पूरे 6 साल तक मिलेगा अपडेट
सैमसंग ने अपनी Galaxy A सीरीज का नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy A27 5G वैश्विक बाजार में पेश कर दिया है। यह फोन पिछले मॉडल Galaxy A26 5G का अपग्रेडेड वर्जन है और इसमें बेहतर डिस्प्ले, नया प्रोसेसर, कई AI फीचर्स और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट का वादा किया गया है। हालांकि, फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत और भारत में लॉन्च को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
Samsung Galaxy A27 5G में क्या है नया?
Samsung Galaxy A27 5G को ऐसे यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो एक प्रीमियम अनुभव के साथ लंबे समय तक अपडेट मिलने वाला स्मार्टफोन चाहते हैं। फोन में 6.7 इंच का Full HD+ Super AMOLED Infinity-O डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। हाई रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रीन स्क्रॉलिंग और गेमिंग पहले से अधिक स्मूद महसूस होती है।
वहीं, नया पंच-होल डिजाइन स्क्रीन को ज्यादा आकर्षक बनाता है और 7.8mm की पतली बॉडी फोन को हाथ में पकड़ने में आरामदायक बनाती है। सैमसंग ने इस फोन में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर दिया है, जिसे 4nm तकनीक पर तैयार किया गया है। यह प्रोसेसर रोजमर्रा के कामों के साथ मल्टीटास्किंग और गेमिंग के दौरान भी बेहतर प्रदर्शन देने के लिए जाना जाता है।
ये भी पढ़ें: Android 16 के साथ आया Motorola का नया फोन, मिलेगी बड़ी बैटरी, शानदार कैमरा और कॉम्पैक्ट डिजाइन
कैमरा, बैटरी और स्टोरेज की पूरी जानकारी
फोटोग्राफी के लिए Samsung Galaxy A27 5G में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसका मुख्य कैमरा 50MP का है, जिसमें OIS (Optical Image Stabilization) सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा 5MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 2MP का मैक्रो सेंसर भी मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 12MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
स्टोरेज के मामले में कंपनी ने कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं।
- 6GB RAM + 128GB स्टोरेज
- 8GB RAM + 128GB स्टोरेज
- 8GB RAM + 256GB स्टोरेज
जरूरत पड़ने पर माइक्रोSD कार्ड की मदद से स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 25W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित One UI 8.5 पर चलता है।
AI फीचर्स और लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट
सैमसंग ने इस बार Galaxy A27 5G में AI फीचर्स पर खास ध्यान दिया है। फोन में Google का Circle to Search फीचर दिया गया है, जो अब एक साथ कई ऑब्जेक्ट पहचानने में सक्षम है। इसके अलावा यूजर्स को Object Eraser फीचर मिलेगा, जिससे तस्वीरों में मौजूद अनचाहे ऑब्जेक्ट हटाए जा सकते हैं।
Voice Transcription फीचर 22 भाषाओं में ट्रांसक्रिप्शन और ट्रांसलेशन का सपोर्ट देता है। वहीं Google Gemini, Perplexity और Bixby जैसे कई AI असिस्टेंट भी फोन में उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से नेचुरल लैंग्वेज के जरिए कई काम किए जा सकते हैं।
6 साल तक मिलेगा अपडेट
सैमसंग ने Galaxy A27 5G के लिए छह पीढ़ियों तक Android OS और One UI अपडेट देने का वादा किया है। इसके साथ छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट भी मिलेंगे। सुरक्षा के लिए Samsung Knox Vault दिया गया है, जबकि IP64 रेटिंग फोन को धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षा प्रदान करती है।
ये भी पढ़ें: ₹15,000 से कम में मिल रहा Vivo का नया 5G फोन, फीचर्स ऐसे की लोग हो रहे हैरान
कब से होगी बिक्री और भारत में कब आएगा?
सैमसंग ने साफ कर दिया है कि Galaxy A27 5G की बिक्री 3 जुलाई से कुछ चुनिंदा देशों में शुरू होगी और यह फोन ब्लैक, ब्लू, लाइट ग्रीन और लाइट पिंक जैसे रंगों में मिलेगा। हालांकि अभी इसकी कीमत और भारत में लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है, इसलिए भारतीय यूजर्स को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
कुल मिलाकर यह फोन उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प बन सकता है जो बढ़िया एमोलेड डिस्प्ले, भरोसेमंद स्नैपड्रैगन प्रोसेसर, नए एआई फीचर्स और लंबे सॉफ्टवेयर अपडेट वाला स्मार्टफोन चाहते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सैमसंग इसे भारत में कब और कितने दाम में लाती है।
