Porsche Cayenne Electric ने भारत में मारी एंट्री, 2.5 सेकंड में 100 की रफ्तार और 642km रेंज

Porsche Cayenne अब सिर्फ पेट्रोल इंजन वाली लग्जरी SUV नहीं रही। कंपनी ने अपनी मशहूर Cayenne को इलेक्ट्रिक अवतार में भारतीय बाजार में उतार दिया है। नई Porsche Cayenne Electric को दो वेरिएंट में पेश किया गया है और इसकी ताकत व रफ्तार इसे इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में खास बनाती है।
भारत में Porsche Cayenne Electric की कीमत
Porsche ने भारत में Cayenne Electric और Cayenne Turbo Electric नाम से दो वेरिएंट पेश किए हैं। Cayenne Electric की शुरुआती कीमत 1.77 करोड़ रुपये रखी गई है, जबकि Cayenne Turbo Electric की कीमत 2.28 करोड़ रुपये से शुरू होती है। ये दोनों कीमतें एक्स्ट्रा ऑप्शन के बिना हैं। कार की आधिकारिक बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
डिजाइन की बात करें तो इलेक्ट्रिक Cayenne का लुक काफी हद तक रेगुलर Cayenne जैसा रखा गया है। इसके फ्रंट में ओब्लॉन्ग शेप वाले मैट्रिक्स LED हेडलैंप मिलते हैं, जिनमें चार अलग-अलग DRLs दिए गए हैं। फ्रंट बंपर में चौड़ा एयर डैम और दोनों तरफ वर्टिकल एयर इनटेक्स मिलते हैं। बोनट के नीचे 90 लीटर का फ्रंक भी दिया गया है।
इलेक्ट्रिक मॉडल रेगुलर Cayenne से 55 मिमी ज्यादा लंबा है। इसकी लंबाई 4,985 मिमी, चौड़ाई 1,980 मिमी और ऊंचाई 1,674 मिमी है। इसका व्हीलबेस 3,023 मिमी है। SUV में 20-इंच अलॉय व्हील्स स्टैंडर्ड मिलते हैं, जबकि इसे 22-इंच तक के बड़े व्हील्स के साथ भी लिया जा सकता है।
पीछे की तरफ स्पोर्टी रूफलाइन, पूरी चौड़ाई में LED लाइट बार और बीच में इल्यूमिनेटेड Porsche वर्डमार्क दिया गया है। इसके अलावा बड़ा रूफ स्पॉयलर और चौड़ा रियर बंपर भी मिलता है।
14.5 इंच की स्क्रीन और प्रीमियम फीचर्स से लैस केबिन
Porsche Cayenne Electric के अंदर लग्जरी के साथ टेक्नोलॉजी पर भी काफी ध्यान दिया गया है। इसका केबिन स्टैंडर्ड तौर पर ब्लैक थीम में आता है। डैशबोर्ड के बीच 14.5 इंच की कर्व्ड OLED टचस्क्रीन दी गई है। इसके साथ 14.25 इंच का OLED ड्राइवर डिस्प्ले मिलता है।
ग्राहक चाहें तो 14.9 इंच की पैसेंजर स्क्रीन भी चुन सकते हैं। सेंटर कंसोल में पास-थ्रू डिजाइन दिया गया है, जहां सामान रखने की जगह के साथ वायरलेस चार्जिंग पैड भी मिलता है। केबिन की एम्बिएंट लाइटिंग को 30 अलग-अलग रंगों में सेट किया जा सकता है।
फीचर्स की बात करें तो SUV में 10-स्पीकर साउंड सिस्टम, 8-वे इलेक्ट्रिक और हीटेड फ्रंट सीट्स, ड्राइवर सीट मेमोरी फंक्शन, पैनोरमिक सनरूफ और फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा एयर प्यूरिफायर, पावर्ड बूट लिड, रियर पावर सनशेड्स, 360-डिग्री कैमरा और ADAS भी मिलता है।
Cayenne Electric में 781 लीटर का बड़ा बूट स्पेस दिया गया है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है।
1,156hp पावर और 642km तक की रेंज
Porsche Cayenne Electric को PPE आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है। इसमें 113kWh का बैटरी पैक मिलता है। दोनों वेरिएंट में डुअल इलेक्ट्रिक मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम स्टैंडर्ड दिया गया है।
Cayenne Electric का बेस वेरिएंट 408hp की पावर और 750Nm का टॉर्क देता है। लॉन्च कंट्रोल एक्टिव करने पर इसकी आउटपुट 442hp और 835Nm तक पहुंच जाती है। वहीं Cayenne Turbo Electric में 857hp की पावर और 1,360Nm का टॉर्क मिलता है। लॉन्च कंट्रोल के साथ इसका आउटपुट 1,156hp और 1,500Nm तक पहुंच जाता है।
कंपनी के मुताबिक Cayenne Electric लॉन्च कंट्रोल के साथ 4.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 230 किमी प्रति घंटा है। वहीं Turbo वेरिएंट महज 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है और इसकी टॉप स्पीड 260 किमी प्रति घंटा है।
रेंज की बात करें तो Cayenne Electric को WLTP सर्टिफिकेशन के तहत 642 किमी तक की रेंज मिलती है। Turbo वेरिएंट की रेंज 623 किमी है। इसमें 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर और 390kW तक DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है।
कंपनी का दावा है कि बैटरी 10 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 16 मिनट में चार्ज हो सकती है। वहीं 10 मिनट की चार्जिंग से करीब 324 किमी की रेंज मिल सकती है। SUV में 22kW तक AC चार्जिंग का सपोर्ट भी है और AC चार्जर से बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 5.75 घंटे लग सकते हैं।

