बिहार में घर बनवाने जा रहे हैं? अब बेडरूम से किचन तक का साइज होगा तय, जानें नए नियम

Bihar Building Rules 2026: बिहार में मकान बनाने के नए नियम जानें
1 min read

Bihar Building Rules 2026: बिहार में अपना घर बनाने की योजना बना रहे हैं तो अब आपको सिर्फ जमीन और बजट का हिसाब नहीं लगाना होगा। घर के अंदर बनने वाले बेडरूम, लिविंग रूम, किचन, बाथरूम और शौचालय के लिए भी सरकार ने न्यूनतम आकार निर्धारित कर दिया है।

बिहार बिल्डिंग बायलॉज 2026 के तहत भवन निर्माण के नए मानक तय किए गए हैं। ऐसे में मकान का नक्शा तैयार कराने से पहले इन नियमों को जानना जरूरी है, क्योंकि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।

कमरे और बेडरूम का साइज तय

बिहार सरकार ने नए भवन निर्माण नियमों में रहने योग्य कमरों के लिए न्यूनतम क्षेत्रफल, चौड़ाई और ऊंचाई निर्धारित की है। इसका असर उन लोगों पर पड़ेगा जो शहरी क्षेत्रों में नया मकान बनवाने की तैयारी कर रहे हैं। नए नियमों के अनुसार, किसी भी रहने योग्य कमरे (Habitable Room) का न्यूनतम क्षेत्रफल 9 वर्गमीटर होना चाहिए।

भारतीय माप के हिसाब से यह करीब 97 वर्गफुट होता है। वहीं, कमरे की चौड़ाई कम से कम 2.4 मीटर यानी लगभग 8 फीट रखनी होगी। कमरे की ऊंचाई को लेकर भी स्पष्ट मानक तय किया गया है। इसके अनुसार, फर्श से छत तक की न्यूनतम ऊंचाई 2.75 मीटर यानी करीब 9 फीट होनी चाहिए।

यह नियम बेडरूम और लिविंग रूम जैसे रहने के लिए इस्तेमाल होने वाले कमरों पर लागू होता है। इसका उद्देश्य घर के अंदर पर्याप्त जगह और रहने की सुविधा सुनिश्चित करना है।

किचन और स्टोर रूम के नियम

नए भवन निर्माण नियमों में रसोईघर के लिए भी न्यूनतम जगह निर्धारित की गई है। अब शहरी क्षेत्रों में नया मकान बनवाते समय किचन के आकार का भी ध्यान रखना होगा। बिहार बिल्डिंग बायलॉज 2026 के मुताबिक, रसोईघर का न्यूनतम क्षेत्रफल 4.5 वर्गमीटर यानी करीब 48.4 वर्गफुट होना चाहिए। इसकी चौड़ाई कम से कम 1.8 मीटर यानी लगभग 5.9 फीट निर्धारित की गई है। रसोईघर की न्यूनतम ऊंचाई 2.75 मीटर होगी।

अगर कोई व्यक्ति किचन के साथ डाइनिंग एरिया यानी खाना खाने की जगह भी बनाना चाहता है तो इसके लिए कम से कम 7.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है। इसकी न्यूनतम चौड़ाई 2.1 मीटर होगी। वहीं, घर में सामान रखने के लिए बनाए जाने वाले भंडार कक्ष (Pantry) का न्यूनतम क्षेत्रफल 3 वर्गमीटर होना चाहिए। इसकी चौड़ाई कम से कम 1.4 मीटर निर्धारित की गई है।

बाथरूम और शौचालय का आकार

नए नियमों में बाथरूम और शौचालय के निर्माण के लिए भी अलग-अलग मानक निर्धारित किए गए हैं। अगर आप घर में बाथरूम और शौचालय अलग-अलग बनवाना चाहते हैं तो उनके आकार का ध्यान रखना होगा। नियमों के अनुसार, बाथरूम का न्यूनतम क्षेत्रफल 1.8 वर्गमीटर यानी करीब 19.4 वर्गफुट होना चाहिए। इसकी चौड़ाई कम से कम 1.2 मीटर रखनी होगी।

वहीं, शौचालय (WC) का न्यूनतम क्षेत्रफल 1.2 वर्गमीटर यानी लगभग 12.9 वर्गफुट निर्धारित किया गया है। इसकी चौड़ाई कम से कम 0.9 मीटर होनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति बाथरूम और शौचालय एक ही जगह बनवाना चाहता है तो इसके लिए कम से कम 2.8 वर्गमीटर यानी करीब 30.1 वर्गफुट जगह जरूरी होगी। इसकी न्यूनतम चौड़ाई 1.2 मीटर रखनी होगी।

Bihar Building Byelaws 2026: भवन के न्यूनतम आकार की तालिका

किन इलाकों में लागू होंगे ये नियम?

बिहार बिल्डिंग बायलॉज 2026 का दायरा राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों के अलावा महानगरीय क्षेत्रों तथा अधिसूचित प्लानिंग एरिया तक है। राज्य सरकार कुछ विशेष क्षेत्रों को इन नियमों से बाहर रखने के लिए अधिसूचना भी जारी कर सकती है।

नए नियमों के अनुसार, भवन निर्माण से जुड़ी अन्य शर्तों का पालन करना भी जरूरी होगा। इसलिए नया मकान बनवाने से पहले संबंधित नगर निकाय या भवन निर्माण से जुड़े अधिकृत तकनीकी विशेषज्ञ से अपने प्लॉट और प्रस्तावित नक्शे के बारे में जानकारी लेना बेहतर रहेगा।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai is the Founder and Editor-in-Chief of Jai Jagdamba News, a digital news platform covering Bihar and key developments across India. He oversees the publication’s editorial direction, content strategy, and digital growth, with a focus on accurate reporting, local issues, and reader-focused journalism. Committed to maintaining editorial standards and delivering clear, reliable, and relevant news to readers.

View all articles by Veer Rai →