Triumph Street Triple 798 RS भारत में लॉन्च, 798cc इंजन और व्हीली कंट्रोल के साथ कीमत ₹14.39 लाख

प्रीमियम बाइक बनाने वाली कंपनी Triumph ने भारत में अपनी नई Street Triple 798 RS को पेश कर दिया है। इस बाइक में पहले से बड़ा इंजन, नया एल्युमिनियम फ्रेम और कई एडवांस राइडिंग फीचर्स दिए गए हैं। इसकी कीमत 14.39 लाख रुपये रखी गई है। आइए जानते हैं कि नई बाइक में क्या कुछ खास मिलता है।
798cc इंजन से मिलेगी ज्यादा ताकत
नई Triumph Street Triple 798 RS में कंपनी ने पुराने 765cc इंजन की जगह नया 798cc, लिक्विड-कूल्ड, इनलाइन थ्री-सिलेंडर इंजन दिया है। यह इंजन 11,500rpm पर 135 PS (लगभग 133 bhp) की अधिकतम पावर और 9,250rpm पर 86 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
पुरानी Street Triple 765 RS के मुकाबले नई बाइक में 5 bhp ज्यादा पावर और 6 Nm ज्यादा टॉर्क मिलता है। कंपनी ने इंजन के साथ इसके कई आंतरिक हिस्सों में भी बदलाव किए हैं, जिससे बेहतर परफॉर्मेंस और पूरे RPM रेंज में बेहतर टॉर्क मिलने की उम्मीद है।
इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जो बायडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और ऑटो-ब्लिपर के साथ आता है। इसकी मदद से राइडर क्लच का इस्तेमाल किए बिना गियर ऊपर और नीचे कर सकता है।
नया फ्रेम और बेहतर सस्पेंशन
Triumph ने Street Triple 798 RS में नया एल्युमिनियम पेरिमीटर फ्रेम और ट्विन-साइडेड एल्युमिनियम स्विंगआर्म मिलता है। कंपनी के अनुसार, इसका स्विंगआर्म Moto2 रेसिंग बाइक से प्रेरित है। नए चेसिस और स्टीयरिंग ज्योमेट्री का मकसद बाइक को तेज रफ्तार पर बेहतर कंट्रोल और मोड़ों पर ज्यादा फुर्ती देना है।
बाइक का वेट 183 किलोग्राम है, जो पुराने मॉडल से करीब 5 किलोग्राम कम है। इसकी सीट की ऊंचाई 836mm और फ्यूल टैंक की क्षमता 15 लीटर है। सस्पेंशन के लिए आगे की तरफ 41mm Showa USD फोर्क दिए गए हैं, जिनमें 120mm का ट्रैवल मिलता है।
वहीं पीछे की तरफ Öhlins STX46 मोनोशॉक सस्पेंशन लगाया गया है, जिसका ट्रैवल 130mm है। दोनों सस्पेंशन को राइडर अपनी जरूरत के अनुसार एडजस्ट कर सकता है। इसमें आगे की तरफ दो 310mm डिस्क के साथ Brembo के 4-पिस्टन रेडियल कैलिपर्स दिए गए हैं। पीछे की तरफ 220mm डिस्क ब्रेक मिलता है। इसके अलावा बाइक में कॉर्नरिंग ABS भी दिया गया है।
7 इंच डिस्प्ले और एडवांस फीचर्स
नई Street Triple 798 RS के फ्रंट डिजाइन में भी बदलाव देखने को मिलता है। इसमें पुराने मॉडल के बग-आई हेडलाइट डिजाइन की जगह नया प्रोजेक्टर हेडलाइट और पेरिमीटर LED लाइटिंग दी गई है। इसके साथ एडैप्टिव कॉर्नरिंग लाइट्स भी मिलती हैं, जो मोड़ पर रोशनी बेहतर करने में मदद करती हैं।
फीचर्स की बात करें तो बाइक में 7-इंच का कलर TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है। यह वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। इसमें वॉयस कंट्रोल, USB-C चार्जिंग पोर्ट और एडजस्टेबल क्रूज कंट्रोल भी मिलता है। राइडिंग के लिए इसमें कुल 7 मोड दिए गए हैं। इनमें Eco, Rain, Road, Sport और Track के अलावा दो कस्टमाइज किए जाने वाले Rider मोड शामिल हैं।
सेफ्टी और राइडिंग कंट्रोल के लिए इसमें व्हीली कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS, लॉन्च कंट्रोल, इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल और रियर व्हील स्लिप मैनेजमेंट जैसे फीचर्स मिलते हैं। ये फीचर्स अलग-अलग राइडिंग परिस्थितियों में बाइक को बेहतर तरीके से कंट्रोल करने में मदद करते हैं।
कीमत और डिलीवरी कब होगी?
भारत में Triumph Street Triple 798 RS की एक्स-शोरूम कीमत 14.39 लाख रुपये रखी गई है। यह पुराने Street Triple 765 RS के मुकाबले करीब 1.2 लाख रुपये महंगी है। कीमत में बढ़ोतरी के साथ कंपनी ने इसमें बड़ा इंजन, नया चेसिस, हल्का वजन, बेहतर सस्पेंशन और पहले से ज्यादा एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स दिए हैं।
Triumph के अनुसार, नई Street Triple 798 RS की ग्लोबल डीलरशिप पर उपलब्धता फरवरी 2027 से शुरू होने की योजना है। हालांकि, भारतीय ग्राहकों को इसकी डिलीवरी किस तारीख से मिलेगी, इसकी अलग से पुष्टि का इंतजार रहेगा।

