अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी का कार्ड वायरल, PM मोदी से विजय तक को न्योता; जानें कब और कहां होगा रिसेप्शन

Anirudh Kavya Wedding: मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर इंटरनेट पर छाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के वेडिंग रिसेप्शन का बेहद खूबसूरत और शाही निमंत्रण कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और सिनेमा जगत की तमाम बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
अनिरुद्ध और काव्या मारन का यह बहुप्रतीक्षित रिसेप्शन आगामी 21 नवंबर 2026 को चेन्नई में आयोजित होने वाला है। इस समारोह का जो निमंत्रण कार्ड सामने आया है, वह अपनी नायाब डिजाइन की वजह से सबका ध्यान खींच रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काव्या के माता-पिता और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन तथा उनकी पत्नी कावेरी मारन खुद कई प्रमुख वीवीआईपी मेहमानों को निमंत्रण देने पहुंचे हैं।
इस रिसेप्शन की तारीख की पुष्टि तब और मजबूत हुई जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कलानिधि मारन और कावेरी मारन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक किए।
PM मोदी और विजय को न्योता
शादी और रिसेप्शन के इस सिलसिले में दोनों परिवारों ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस दौरान अनिरुद्ध के माता-पिता, प्रसिद्ध अभिनेता रवि राघवेंद्र और लक्ष्मी रविचंदर भी उनके साथ मौजूद रहे।
इसके अलावा, कलानिधि और कावेरी मारन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से भी मुलाकात की, जिस दौरान अनिरुद्ध रविचंदर भी उनके साथ नजर आए। राजनेताओं से लेकर फिल्मी दुनिया के दिग्गजों तक की इन मुलाकातों ने इस आयोजन को साल का सबसे बड़ा सेलिब्रिटी इवेंट बना दिया है।
ये भी पढ़ें: सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की लव स्टोरी में छिपा है बड़ा राज!
लग्जरी डिजाइन और बारोक शैली से सजा निमंत्रण कार्ड
सामने आए निमंत्रण कार्ड की बात करें तो इसकी पैकेजिंग और बारीक डिजाइन चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे जानी-मानी डिजाइनर रंजनी अयंगर ने अपने ब्रांड पिंक व्हिसल मैन के तहत तैयार किया है। इस कार्ड को आइवरी और हल्के पाउडर-ब्लू रंग के एक बेहद आकर्षक और क्लासिक बॉक्स में सजाया गया है।
View this post on Instagram
इस बॉक्स में उभरी हुई डिजाइन वाली प्रीमियम स्टेशनरी, बारीक सजावट और शाही अंदाज की क्रेस्ट सील का इस्तेमाल किया गया है। इसकी बनावट में बारोक शैली की झलक साफ दिखाई देती है, जो इसे किसी आम पारंपरिक निमंत्रण कार्ड से बिल्कुल अलग और लग्जरी लुक देती है।
डिजाइनर रंजनी अयंगर ने भी सोशल मीडिया पर इस कार्ड को साझा करते हुए इसे अपने लिए बेहद खास और सुखद अनुभव बताया है।
ग्रीस में डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारी?
भले ही रिसेप्शन चेन्नई में होना तय माना जा रहा है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि अनिरुद्ध और काव्या की मुख्य शादी 10 और 11 नवंबर 2026 को विदेशी धरती ग्रीस में हो सकती है। चर्चा है कि शादी का यह निजी समारोह दो दिनों तक चलेगा जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ चुनिंदा करीबी दोस्त ही शिरकत करेंगे।
मारन परिवार कथित तौर पर ग्रीस में होने वाले इस डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारियों की खुद देखरेख कर रहा है, जिसमें मेहमानों की स्पेशल उड़ानें और ठहरने की खास व्यवस्थाएं शामिल हैं। हालांकि, शादी के स्थान और कार्यक्रमों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, इसलिए इन्हें फिलहाल रिपोर्ट्स के दावों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
फिल्मी सितारों और नेताओं को न्योता
अनिरुद्ध और काव्या के रिसेप्शन में मनोरंजन और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की खबरें हैं। फिल्म इंडस्ट्री से रजनीकांत, एआर रहमान, शिवकार्तिकेयन, अजित कुमार, निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार और अल्लू अर्जुन के नाम चर्चा में हैं।
वहीं, राजनीतिक हस्तियों में पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को न्योता दिए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन मेहमानों की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
अनिरुद्ध रविचंदर ने ऐसे बनाई पहचान
अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने सुपरहिट गाने ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ से वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने तमिल और तेलुगु सिनेमा समेत कई फिल्म उद्योगों में अपने संगीत से खास मुकाम बनाया। उनका नाम हाल ही में फिल्म ‘जेलर 2’ से भी जुड़ा है।
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन दिग्गज मीडिया समूह सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और सह-मालकिन हैं। ब्रिटेन के वारविक बिजनेस स्कूल से एमबीए करने के बाद उन्होंने 2019 में सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया। बाद में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के प्रबंधन में अहम जिम्मेदारी संभाली।
अनिरुद्ध की संगीत जगत में लोकप्रियता और काव्या की क्रिकेट तथा मीडिया क्षेत्र में मजबूत पहचान के कारण दोनों की शादी को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है। अब सभी की नजरें नवंबर में होने वाले समारोहों और मेहमानों की आधिकारिक सूची पर टिकी हैं।

