PFRDA ने लॉन्च किया UPS Jeewan Setu, अब मोबाइल ऐप से घर बैठे जमा करें लाइफ सर्टिफिकेट, 30 नवंबर है लास्ट डेट

केंद्र सरकार की यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के लाभार्थियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब पेंशन जारी रखने के लिए सरकारी दफ्तरों या बैंकों के चक्कर काटने की ज़रूरत नहीं होगी। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने एक नया डिजिटल पोर्टल “UPS Jeewan Setu” शुरू किया है। इसके जरिए पेंशनभोगी अब अपने स्मार्टफोन से ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) जमा कर सकेंगे।
PFRDA द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया को आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरे की पहचान) के जरिए बेहद सुरक्षित और आसान बना दिया गया है।
UPS के तहत सुनिश्चित मासिक पेंशन का लाभ बिना किसी रुकावट के पाने के लिए सभी पेंशनधारकों को हर साल 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। समय सीमा के भीतर इसे जमा न करने पर दिसंबर महीने से पेंशन रुक सकती है।
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले मोदी कैबिनेट के 3 बड़े फैसले, रेलवे बोनस से लेकर पेंशन नियमों तक राहत
NPS App से ‘UPS Jeewan Setu’ सर्टिफिकेट कैसे बनाएं?
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जेनरेट करने के लिए आपके पास PRAN नंबर, आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होना चाहिए। नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:
1. ऐप खोलें: सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में NPS by Protean eGov (NPS, UPS, and APY) मोबाइल ऐप ओपन करें।
2. ऑप्शन चुनें: होम स्क्रीन पर दिख रहे “UPS Jeewan Setu – Digital Life Certificate” विकल्प पर क्लिक करें।
3. डिटेल्स भरें: अपना PRAN (Permanent Retirement Account Number) और जन्मतिथि (DOB) दर्ज करें।
4. OTP वेरिफिकेशन: आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, उसे भरकर आगे बढ़ें।
5. आधार ऑथेंटिकेशन: “Continue with Aadhaar” पर क्लिक करें और अपना आधार नंबर डालें।
6. फेस स्कैन (Face Authentication): अपने फ्रंट कैमरे के सामने आएं। ऐप फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक से आपके चेहरे का मिलान आधार डेटा से करेगा।
7. सफलतापूर्वक सबमिशन: वेरिफिकेशन पूरा होते ही स्क्रीन पर “Life Certificate has been generated successfully” का मैसेज आ जाएगा। ‘Done’ पर क्लिक करके बाहर आ जाएं।
यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) क्या है?
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए 1 अप्रैल 2025 से यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) लागू की थी। इसके तहत न्यूनतम 25 साल की योग्य सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को रिटायरमेंट से ठीक पहले के आखिरी 12 महीनों के औसत मूल वेतन (Basic Salary) का 50% पेंशन के रूप में मिलता है।
ये भी पढ़ें: दिवाली से केंद्र ने 3% बढ़ाया DA, 49 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा राहत
10 से 25 साल की सेवा वाले कर्मचारियों को सर्विस की अवधि के अनुपात में पेंशन दी जाती है। कम से कम 10 साल की योग्य सेवा पूरी करने पर हर महीने ₹10,000 की न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन का प्रावधान है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
Q1. UPS Jeewan Setu क्या है?
यह PFRDA द्वारा शुरू की गई एक नई डिजिटल सुविधा है जिसके माध्यम से यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के लाभार्थी घर बैठे मोबाइल ऐप से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
Q2. डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) जमा करने की अंतिम तिथि क्या है?
UPS पेंशनधारकों को हर साल 30 नवंबर तक अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होता है।
Q3. क्या इसके लिए बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन की ज़रूरत होगी?
नहीं, इसके लिए किसी बाहरी मशीन की जरूरत नहीं है। यह ऐप आपके फोन के कैमरे का उपयोग करके फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए वेरिफिकेशन करता है।

