लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खाई में पलटी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत; 40 से ज्यादा घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राजस्थान से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे (Lucknow Agra Expressway Bus Accident) में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में बच्चे और महिलाएं भी सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई यात्री अंदर फंस गए थे। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना सोमवार, 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सीवान जा रही थी।
रास्ते में जब बस लखनऊ के जीरो पॉइंट के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस सड़क से नीचे गहरी खाई में पलट गई। बस में करीब 50 से 60 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद वाहन की हालत काफी खराब हो गई थी।
कई यात्रियों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की असली वजह को लेकर जांच की जा रही है। कुछ रिपोर्टों में टायर फटने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: घर के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत, बीच रास्ते तोडा दम
हादसे में तीन यात्रियों की मौत
इस सड़क हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के अनुसार, घायलों को लोकबंधु अस्पताल और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, लोकबंधु अस्पताल में 31 घायल यात्रियों को भर्ती कराया गया, जबकि 13 लोगों को KGMU ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। बस में सवार परिवारों के लिए यह सफर बेहद दर्दनाक साबित हुआ।
लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 40 फीट गहरी खाई में गिरी।
दर्दनाक हादसे में 2 यात्रियों की मौत, 40 यात्री गंभीर रूप से घायल।
बस में सवार छोटे-छोटे बच्चे भी हादसे का शिकार, मची चीख-पुकार।#LucknowBusAccident #AgraExpressway #LucknowNews #BusAccident #ChhathPuja https://t.co/g7t3kwhISX
— Roshan Kumar Journalist (@cameraman_r) November 9, 2026
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है।
JCB की मदद से बस में फंसे यात्रियों का रेस्क्यू
बस के पलटने के बाद कई यात्री अंदर फंस गए थे। ऐसे में पुलिस, फायर ब्रिगेड और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। बस के दरवाजे और खिड़कियां क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को बाहर निकालना आसान नहीं था।
बचाव दल ने बस के शीशे तोड़े और जरूरत पड़ने पर उसके कुछ हिस्सों को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंच बनाई। मौके पर JCB मशीन की मदद से मलबा हटाया गया। कई एंबुलेंस घटनास्थल पर तैनात की गईं, ताकि घायलों को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके।
ये भी पढ़ें: 8 लाख कर्ज लेकर दिल्ली जा रहे थें संजय, हादसे में 7 लोगों की मौत
चालक पर शराब पीकर बस चलाने का आरोप
इस बीच, कुछ यात्रियों ने बस चालक और परिचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का दावा है कि सफर के दौरान दोनों ने कई जगह रुककर शराब पी थी। उनका आरोप है कि लखनऊ पहुंचने के समय चालक नशे में था और इसी वजह से बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। चालक के नशे में होने की बात अभी यात्रियों के आरोपों पर आधारित है।
पुलिस की ओर से इसकी अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की बसों में यात्रियों की सुरक्षा और चालक की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

