4 साल बाद अग्निवीरों का क्या होगा? सरकार के नए फैसले से समझें पूरी व्यवस्था

Agniveer Service Extension: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को दो साल और सेना में रहने का मौका मिलेगा। इस दौरान उनकी सैलरी भी बढ़ेगी और सेवा निधि (Seva Nidhi) में पहले से ज्यादा रकम जमा होगी।
खास बात यह है कि छह साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का एक और अवसर मिलेगा। हालांकि, इसके लिए उनकी इच्छा और तय चयन प्रक्रिया को पूरा करना जरूरी होगा।
6 साल हुई अग्निवीरों की सेवा अवधि
केंद्र सरकार ने 4 नवंबर 2026 को अग्निपथ योजना में बदलाव को मंजूरी दी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस फैसले के तहत शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर दिया जाएगा।
पहले अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल किया जाता था। बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा से बाहर होना पड़ता था।
अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शुरुआती चार साल के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को पहले की तरह मेरिट के आधार पर नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अपनी इच्छा के आधार पर दो साल की अतिरिक्त सेवा का प्रस्ताव मिलेगा।
हालांकि, अतिरिक्त सेवा का अवसर सभी के लिए अपने आप लागू नहीं होगा। इसके लिए संबंधित सेना की ओर से तय प्रक्रिया और शर्तों को पूरा करना होगा।
ये भी पढ़ें: भारतीय वायुसेना को इजराइल से मिलेंगे 6 बोइंग ‘हवाई टैंकर’, ₹8,000 करोड़ की महाडील अंतिम चरण में
पांचवें और छठे साल में कितनी मिलेगी सैलरी?
अग्निवीरों को अतिरिक्त दो साल की सेवा के दौरान पहले से ज्यादा मासिक वेतन दिया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत पांचवें साल में अग्निवीरों को करीब 43,500 रुपये प्रति माह और छठे साल में करीब 47,500 रुपये प्रति माह का वेतन मिलेगा।
यह रकम लागू भत्तों से अलग होगी। यानी अतिरिक्त दो साल तक सेना में सेवा करने वाले अग्निवीरों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार के इस फैसले से उन अग्निवीरों को राहत मिल सकती है, जिन्हें शुरुआती चार साल के बाद नियमित सेवा में जगह नहीं मिलती थी।
अब उनके पास सेना में अनुभव बढ़ाने, ज्यादा वेतन पाने और आगे नियमित सैनिक बनने का एक और अवसर होगा। हालांकि, छह साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सेवा में शामिल होना भी चयन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
अग्निवीरों की सेवा निधि में जमा होंगे 10.92 लाख रुपये
अग्निवीरों के लिए सबसे अहम बदलाव सेवा निधि (Seva Nidhi) पैकेज में किया गया है। अतिरिक्त दो साल की सेवा के लिए अलग से नया सेवा निधि पैकेज तैयार किया जाएगा। इसमें अग्निवीर और केंद्र सरकार, दोनों की ओर से योगदान दिया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, अतिरिक्त दो साल के दौरान अग्निवीर करीब 3.28 लाख रुपये का योगदान करेंगे। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से लगभग 7.64 लाख रुपये जमा किए जाएंगे। इस तरह दोनों का कुल योगदान करीब 10.92 लाख रुपये होगा। इसमें मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं है।
नई व्यवस्था में सेवा निधि की कुल रकम का 70 प्रतिशत हिस्सा सरकार और 30 प्रतिशत हिस्सा अग्निवीर की ओर से दिया जाएगा। यह राशि उन अग्निवीरों के लिए आर्थिक मदद होगी, जो छह साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सैनिक के रूप में चयनित नहीं होते हैं या आगे सेवा जारी नहीं रखना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: भारत ने ₹4,106 करोड़ से मजबूत किया रक्षा कवच, आसमान से समंदर तक बढ़ेगी ताकत
बदलाव के पीछे क्या है सरकार का मकसद?
अग्निपथ योजना में सेवा निधि का उद्देश्य सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को आगे के जीवन और रोजगार के लिए आर्थिक सहायता देना था। अब अतिरिक्त दो साल की सेवा के साथ इस पैकेज को भी बढ़ाया गया है। सरकार ने यह फैसला अग्निपथ योजना के पिछले चार साल के अनुभव और सेना से मिले फीडबैक के आधार पर लिया है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक,
अग्निवीरों की शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, तकनीकी क्षमता और काम के प्रति उत्साह को सकारात्मक पाया गया है
ऐसे में नई व्यवस्था का उद्देश्य सेना में प्रशिक्षित जवानों को अधिक समय तक बनाए रखना और उन्हें नियमित सेवा में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर देना है।

