फुकेत से दिल्ली आ रही Air India फ्लाइट में भयानक टर्बुलेंस, 300 फीट नीचे आया विमान, 12 यात्री घायल

थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट में उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। विमान में बैठे यात्रियों ने जोरदार झटके महसूस किए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
उड़ान के दौरान अचानक आए तेज झटके
एअर इंडिया की फुकेत से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI2379 को 4 अगस्त को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए तेज टर्बुलेंस (Air India Flight Turbulence) का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में 12 यात्री घायल हुए हैं। कुछ लोगों के कान, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि टर्बुलेंस के दौरान विमान अपने तय एल्टीट्यूड से करीब 300 फीट नीचे आ गया था। अचानक ऊंचाई में आए इस बदलाव से विमान में बैठे यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया।
फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे कई यात्री घायल हो गए। सभी प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। #AirIndia #Delhi #Turbulence #Aviation #Breaking
pic.twitter.com/rxQcT8wJdd— Shrey9393 (@Bon81286927660) August 4, 2026
यात्रियों के मुताबिक, दिल्ली पहुंचने से कुछ देर पहले विमान ने अचानक नीचे की ओर झटका लिया और लगातार हिचकोले खाने लगा। कई लोग घबरा गए और विमान के अंदर चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
ये भी पढ़ें: तेल महंगा, रुपया कमजोर… अब भारतीय एयरलाइंस पर मंडरा रहा ₹18,000 करोड़ का संकट
घायलों को तुरंत मिली मेडिकल सहायता
एअर इंडिया ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में थोड़ी देर के लिए बदलाव आया। इसके बावजूद विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा।
एयरलाइन के अनुसार, किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें लगीं या मेडिकल जांच की जरूरत थी, उन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया। वहां एयर इंडिया की टीम और मेडिकल स्टाफ ने उनकी जांच और देखभाल की।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
क्या होता है एयर टर्बुलेंस?
एयर टर्बुलेंस ऐसी स्थिति होती है जब हवा का प्रवाह सामान्य और स्थिर नहीं रहता। अलग-अलग दिशा और गति से चलने वाली हवाएं विमान को अचानक ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिलाने लगती हैं। इसी कारण यात्रियों को तेज झटके महसूस होते हैं। धरती के गर्म होने से गर्म हवा ऊपर उठती है और ठंडी हवा नीचे आती है, जिससे हवा में अस्थिरता पैदा हो सकती है।
ये भी पढ़ें: आसमान में खतरे के बीच दिल्ली में सुरक्षित उतरा इंडिगो विमान, मौत के साए से लौटे 161 यात्री
पहाड़ों के ऊपर से गुजरने वाली हवाएं, ऊंचाई पर तेज जेट स्ट्रीम, बादल, तूफान और दूसरे विमानों के पीछे बनने वाली हवा की लहरें भी टर्बुलेंस का कारण बनती हैं। जब टर्बुलेंस होता है तो पायलट स्थिति के अनुसार ऑटोपायलट में बदलाव करते हैं या जरूरत पड़ने पर विमान को मैन्युअल तरीके से नियंत्रित करते हैं।
कई बार विमान की ऊंचाई बदलकर उसे अपेक्षाकृत शांत हवा वाले क्षेत्र में ले जाया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश मामलों में टर्बुलेंस खतरनाक नहीं होती क्योंकि आधुनिक यात्री विमान ऐसे झटकों को सहन करने के लिए ही बनाए जाते हैं। फिर भी यात्रियों को हमेशा सीट बेल्ट बांधकर रखने की सलाह दी जाती है ताकि अचानक झटके लगने पर चोट से बचा जा सके।




