बक्सर: 150 से ज़्यादा एनकाउंटर करने वाले IPS आनंद मिश्रा को BJP ने दिया टिकट, ब्राह्मण बहुल सीट पर कांटे की टक्कर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच बुधवार को बीजेपी ने अपने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा में दो नाम, मधुबनी की लोक गायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा (Anand Mishra BJP Candidate Buxar) का है। खास तौर पर आनंद मिश्रा का नाम सुर्खियों में है क्योंकि उन्हें पुलिस सेवा में रहते हुए 150 से अधिक एनकाउंटर ऑपरेशन करने का अनुभव रहा है। अब बक्सर विधानसभा सीट से बीजेपी ने उन पर बड़ा दांव लगाया है।
कौन हैं आनंद मिश्रा? (Anand Mishra BJP Candidate Buxar)
आनंद मिश्रा असम कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। पुलिस सेवा के दौरान वे अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रवैये के लिए जाने जाते थे। असम में उन्होंने कई बड़े माफिया गिरोहों पर कार्रवाई की थी, जिसके चलते उन्हें “एन्काउंटर स्पेशलिस्ट” के नाम से पहचान मिली। उनके नेतृत्व में कई बड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और कई खतरनाक अपराधी पुलिस मुठभेड़ों में ढेर हुए।
ये भी पढ़ें: JDU की पहली उम्मीदवार सूची जारी, नीतीश कुमार ने उतारे 3 बाहुबली, इन 57 चेहरों पर लगा दांव
नौकरी छोड़ राजनीति में कदम
आनंद मिश्रा ने लोकसभा चुनाव से पहले आईपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था। उस समय उन्हें बीजेपी से टिकट नहीं मिला था, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। भले ही उस चुनाव में जीत नहीं मिली, लेकिन उनकी लोकप्रियता और जनता के बीच पकड़ मजबूत होती गई। खास बात यह रही कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी सादगी और साफ छवि से लोगों का दिल जीता।
बक्सर से उम्मीदवार बनाए जाने के पीछे रणनीति
BJP द्वारा आनंद मिश्रा को बक्सर से टिकट देने के पीछे साफ संदेश है की पार्टी अब “साफ-सुथरी छवि और सख्त प्रशासनिक अनुभव” वाले चेहरों को आगे ला रही है। पार्टी चाहती है कि ऐसे उम्मीदवार मैदान में उतरें जो न केवल जनता से जुड़े हों, बल्कि कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर ठोस काम करने की क्षमता रखते हों।
ये भी पढ़ें: बिहार NDA में सीट बंटवारे पर सुलह! BJP-JDU बराबरी पर, चिराग को 29 सीटें, जानिए किसे कितना मिला
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आनंद मिश्रा जैसे चेहरों को आगे लाना ‘न्यू BJP अप्रोच’ का हिस्सा है, जहां युवा, कड़े अनुशासन वाले और जनता से जुड़े उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। जानकारी के अनुसार, बीजेपी ने अब तक बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 83 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
14 अक्टूबर को जारी पहली सूची में 71 नाम शामिल थे, जबकि बुधवार को दूसरी सूची में 12 नए नाम जोड़े गए। पार्टी इस बार कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि शेष नाम आने वाले दिनों में घोषित किए जाएंगे।
आनंद मिश्रा पर BJP का भरोसा क्यों?
पूर्व IPS Anand Mishra पर बीजेपी का भरोसा केवल उनकी सख्त छवि के कारण नहीं, बल्कि उनके जनसंपर्क और प्रशासनिक अनुभव के कारण भी है। बतौर पुलिस अधिकारी, आनंद मिश्रा ने कई राज्यों में सेवा करते हुए कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया और लोगों के बीच एक ईमानदार अधिकारी की पहचान बनाई। उनके एन्काउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में किए गए कामों ने जनता के बीच भरोसे का माहौल बनाया है।
बक्सर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की बहुलता को देखते हुए, बीजेपी ने इस बार एक नया और चर्चित चेहरा उतारकर समीकरण बदलने की कोशिश की है। यह सीट 2010 में आखिरी बार बीजेपी के पास थी, जब सुखदा पांडेय ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2015 और 2020 दोनों चुनावों में कांग्रेस के संजय कुमार तिवारी ने जीत हासिल की। अब पार्टी चाहती है कि सख्त और साफ छवि वाले आनंद मिश्रा के आने से ब्राह्मण वोट बैंक के साथ-साथ युवा और प्रथम बार वोट करने वाले मतदाता भी बीजेपी की ओर आकर्षित हों।
ये भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव के लिए CEC ने जारी किए 17 नए नियम, जानें अब कैसे होगी वोटिंग
ऐसे ही और महत्वपूर्ण खबरों को अपने फोन पर पाने के लिए, जुड़िए हमारे साथ
