बिहार में हिंसा की सारी हदें पार, बिच सड़क धड़ से अलग किया युवक का सिर
बिहार के अररिया से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी को भी मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
आपसी विवाद बना खूनखराबे की वजह
बताया जा रहा है कि यह मामला अररिया के फारबिसगंज इलाके का है, जहां कृषि बाजार समिति के मुख्य गेट के पास यह वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक, पिकअप ड्राइवर और सत्तू बेचने वाले एक व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। हालांकि, विवाद किस बात पर शुरू हुआ, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि सत्तू बेचने वाले व्यक्ति ने पिकअप ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने उसे कई बार चाकू मारा और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया।
भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
बता दें कि वारदात (Araria Double Murder) के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। जैसे ही लोगों को इस क्रूर हत्या की जानकारी मिली, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
भीड़ का गुस्सा इतना ज्यादा था कि आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस तरह यह मामला डबल मर्डर में बदल गया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने हालात को देखते हुए इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है।
हालांकि, आरोपी की भी मौत हो जाने के कारण हत्या के असली कारण का पता लगाना मुश्किल हो गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
शव रखकर लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। आक्रोशित लोगों ने शव को सुभाष चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आगजनी कर प्रदर्शन किया।
स्थिति को काबू में करने के लिए जिले के वरीय अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की जा रही है, ताकि हालात सामान्य हो सकें।
