1 अप्रैल से बिहार में लागू होगा नया नियम, अब दिन में सस्ती और शाम को महंगी मिलेगी बिजली
बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जो सीधे आपकी जेब पर असर डाल सकता है। अब बिजली का बिल सिर्फ यूनिट से नहीं, बल्कि आप किस समय बिजली इस्तेमाल करते हैं, इस पर भी तय होगा। बता दें कि 1 अप्रैल 2026 से नया नियम लागू होने वाला है, जिसमें दिन में सस्ती और शाम को महंगी बिजली मिलेगी। ऐसे में अगर आपने अपनी आदतें नहीं बदलीं, तो बिल तेजी से बढ़ सकता है।
क्या है Time of Day Tariff और कैसे करेगा काम
बता दें कि बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली कंपनियों की याचिका को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1 अप्रैल 2026 से स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले 87 लाख से अधिक उपभोक्ताओं पर Time of Day Tariff लागू होगा। इसका सीधा मतलब है कि दिन के अलग-अलग समय पर बिजली की दर अलग-अलग होगी।
गौरतलब है कि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली सबसे सस्ती रहेगी। इस दौरान उपभोक्ताओं को सामान्य दर का सिर्फ 80 प्रतिशत ही भुगतान करना होगा। यानी अगर 100 रुपये की बिजली खर्च होती है तो केवल 80 रुपये देने होंगे।
हालांकि, शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक का समय पीक आवर माना जाएगा। इस दौरान घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा और व्यावसायिक व औद्योगिक उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत तक अधिक भुगतान करना पड़ेगा। वहीं रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक सामान्य दर ही लागू रहेगी।
ये भी पढ़ें: अब AC की ठंडी हवा नहीं बढ़ाएगी खर्च, अपनाएं ये स्मार्ट तरीके जिनसे बिजली का बिल हो जाएगा आधा
किन उपभोक्ताओं पर लागू होगा नया नियम
यह नया नियम (Bihar Electricity Tariff 2026) मुख्य रूप से उन उपभोक्ताओं पर लागू होगा जिनके घर या प्रतिष्ठान में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हैं। इसके अलावा जिनका बिजली लोड 10 किलोवाट से अधिक है, उन्हें भी इस व्यवस्था के दायरे में लाया जा सकता है। राहत की बात यह है कि कृषि कनेक्शन को फिलहाल इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है। यानी किसानों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
बिहार में कुल बिजली उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2 करोड़ से अधिक है और इनमें से बड़ी संख्या में लोगों के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। ऐसे में यह फैसला खासकर शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों को ज्यादा प्रभावित करेगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
ऊर्जा विभाग का मानना है कि दिन के समय सोलर ऊर्जा की उपलब्धता ज्यादा होती है, जिससे बिजली उत्पादन सस्ता पड़ता है। इसी वजह से दिन में दर कम रखी गई है। वहीं शाम के समय बिजली की मांग तेजी से बढ़ जाती है, जिससे उत्पादन महंगा हो जाता है।
इसलिए आयोग ने उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह नया सिस्टम लागू किया है, ताकि लोग अपने बिजली उपयोग का समय बदलें और पीक आवर में लोड कम हो।
ये भी पढ़ें: गर्मियों से पहले अपने AC में इन चीजों को जरूर करालें चेक, नहीं तो भरना पड़ेगा भारी बिजली बिल
लोगों पर क्या होगा असर?
अब आम लोगों के लिए सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि उन्हें अपनी आदतों में बदलाव करना पड़ेगा। अगर लोग दिन के समय ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करेंगे तो उनका बिल कम आएगा। लेकिन अगर शाम के समय ज्यादा बिजली खर्च करेंगे तो बिल बढ़ सकता है।
हालांकि, शुरुआत में यह बदलाव थोड़ा मुश्किल लग सकता है, लेकिन सही योजना बनाकर उपभोक्ता अपने बिजली बिल में अच्छी बचत कर सकते हैं। कुल मिलाकर यह नई व्यवस्था न सिर्फ बिजली की मांग को संतुलित करेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को समझदारी से बिजली इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित करेगी।
