बक्सर: इस महाशिवरात्रि हाथी-ऊंट और बैंड-बाजा के साथ निकलेगा भव्य बारात, भगवान शिव-पार्वती विवाह का दिखेगा अनोखा नजारा

बक्सर: इस महाशिवरात्रि हाथी-ऊंट और बैंड-बाजा के साथ निकलेगा भव्य बारात, भगवान शिव-पार्वती विवाह का दिखेगा अनोखा नजारा

बक्सर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस बार बक्सर शहर पूरी तरह शिवमय होने जा रहा है। कोइरपुरवा और खलासी मुहल्ला से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी, जिसे लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस बार शिव बारात का मुख्य आकर्षण बेहद भव्य झांकी होगी, जिसके लिए बाहर के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन को लेकर दोनों ही इलाकों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और हर गली-मुहल्ले में महाशिवरात्रि की चर्चा जोरों पर है।

खलासी मुहल्ला से निकलेगी शिव बारात

खलासी मुहल्ला स्थित श्री शिव बारात संघ की ओर से नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात निकाली जाएगी। संघ के सक्रिय सदस्यों ने बताया कि इस बार झांकी को खास बनाने के लिए कानपुर और बनारस के अनुभवी कलाकारों की बुकिंग की गई है। हालाकी हर साल शिव बारात भव्य होती है, लेकिन इस बार दृश्य और भी अलौकिक होने वाला है।

ये भी पढ़ें: इस महाशिवरात्रि 300 साल बाद बन रहा दुर्लभ योग, जानें आपकी राशि के लिए क्या हैं शुभ संकेत

यह बारात पूरे शहर का भ्रमण करते हुए चरित्रवन स्थित पंचमुखी शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा। गौरतलब है की इस बार रथ पर विराजमान देवों के देव महादेव और मां पार्वती भक्तों को दर्शन देंगी, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है।

हाथी, ऊंट और बैंड-बाजे के साथ निकलेगी देवाधिदेव की बारात

शिव बारात में पारंपरिक रंग देखने को मिलेगा। हाथी, ऊंट, बैंड-बाजा और ढोल-नगाड़ों के साथ पूरा मुहल्ला बराती बनकर शामिल होगा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भगवान शिव की भक्ति में झूमते नजर आएंगे। शहरवासियों का कहना है कि शिव बारात केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।

कोइरपुरवा से भी निकलेगी शिव बारात, बनारस के कलाकार करेंगे प्रस्तुति

बता दें की ग्राम सुधार समिति, कोइरपुरवा की ओर से भी भगवान शिव की बारात निकाली जाएगी। यहां भी झांकी के लिए बनारस के कलाकारों की बुकिंग की गई है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा के साथ राकेश कुशवाहा, गुंजन गुप्ता, बब्लु कुशवाहा, सन्नी सिंह और हिटलर सिंह कुशवाहा ने बताया कि बारात की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ये भी पढ़ें: चुनौतियों और वित्तीय समस्याओं को दूर करने के लिए आसान शनिदेव उपाय, बेहद कम लागत में शनिदोष कर सकते हैं दूर

दिन में भतवान की रस्म पूरी होने के बाद ठीक 11 बजे दिन में शिव बारात निकाली जाएगी। समिति के सदस्यों के अनुसार इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने की उम्मीद है।

बारात पूरे शहर का भ्रमण करने के बाद सोहनीपट्टी स्थित गौरीशंकर मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न होगा। गौरतलब है की इस पावन अवसर पर शहरवासी बारातियों की सेवा के लिए भी पूरी तरह तैयार रहते हैं।

महाशिवरात्रि पर बक्सर में दिखेगा आस्था और उत्सव का संगम

कुल मिलाकर इस बार महाशिवरात्रि पर बक्सर में आस्था और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। भगवान शिव की भव्य बारात, आकर्षक झांकियां और बाहर से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां पूरे माहौल को खास बना देंगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जब शिव बारात शहर की गलियों से गुजरेगी, तो जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। महिलाएं आरती उतारेंगी और युवा भक्ति गीतों पर झूमते नजर आएंगे।

ये भी पढ़ें: बक्सर में जिला पदाधिकारी की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जों और सफाई पर कड़े निर्देश, जानिए क्या है पूरी योजना

बता दें कि प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात की पुख्ता तैयारी में जुटा है, ताकि यह पावन आयोजन (Buxar Mahashivratri Shiv Baraat 2026) शांतिपूर्वक और धूमधाम से संपन्न हो सके। अगर आप इस अलौकिक दृश्य का अनुभव करना चाहते हैं, तो महाशिवरात्रि के दिन बक्सर की सड़कों पर निकलती शिव बारात जरूर देखें।

Jai Jagdamba News Whatsapp