बक्सर: 50 लाख के सामान से भरे ट्रक को अपराधियों ने बनाया निशाना, अब तक 3 गिरफ्तार, एक स्कॉर्पियो भी जब्त

बक्सर: 50 लाख के सामान से भरे ट्रक को अपराधियों ने बनाया निशाना, अब तक 3 गिरफ्तार, एक स्कॉर्पियो भी जब्त

Buxar NH 922 Truck Loot: बक्सर से एक बड़ी हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरसल एनएच 922 पर 50 लाख रुपये के सामान से भरे ट्रक को कुछ लोगों ने लूट लिया है। बताया जा रहा है की आधी रात को स्कॉर्पियो सवार बदमाश आए, खलासी को बांधा और ट्रक लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने फिलहाल तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। लेकिन अब सवाल है कि क्या इस वारदात में अंदर की मिलीभगत भी थी?

एनएच 922 पर कैसे हुई 50 लाख की Truck Loot

डीएसपी डुमरांव पोलस्त कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 17 फरवरी को ढिलन ट्रांसपोर्ट का ट्रक गाजियाबाद से आरा और पटना के लिए सामान लेकर चला था। ट्रक में करीब 50 लाख रुपये का माल लदा था। 19 फरवरी की रात करीब साढ़े बारह बजे चालक ने ट्रक को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में खड़ा कर दिया।

उसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने खलासी मनजी कुमार गोंड को नीचे उतारा, मारपीट की और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश ट्रक को लेकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: बक्सर: तीन माह की थी गर्भवती, पहले पति से झगड़ा… फिर कमरे में मिला शव

खलासी को दूसरे वाहन से औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास छोड़ दिया गया। खलासी ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। बात सीधे एसपी शुभम आर्य तक पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू हुई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी

एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। इसमें डीएसपी डुमरांव पोलस्त कुमार, नया भोजपुर के थानाध्यक्ष चंदन कुमार और कृष्णाब्रह्म के प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार को लगाया गया। पुलिस ने दलसागर टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

Buxar NH 922 Truck Loot and Scorpio

स्कॉर्पियो की पहचान होने के बाद वाहन मालिक पर दबिश दी गई। तकनीकी जांच के आधार पर ट्रक का लोकेशन ट्रेस किया गया। आखिरकार ट्रक को भोजपुर जिले के करनामेपुर, पड़सौरा से बरामद कर लिया गया। खास बात है की ट्रक के अंदर पूरा सामान सुरक्षित मिला।

इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सिमरी थाना के बलिहार गांव निवासी विशाल सिंह, रामदह के गुप्तेश्वर पासवान और भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी उत्तम मिश्रा शामिल हैं। तीनों को मीडिया के सामने पेश किया गया।

चालक पर गहराया शक, अंदरूनी साज़िश या बाहरी गिरोह की चाल?

बक्सर में राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर हुई ट्रक लूट (Buxar NH 922 Truck Loot) के खुलासे के बाद भी मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। पुलिस ने भले ही तेजी दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया और लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया, लेकिन जांच अब भी जारी है।

ये भी पढ़ें: बक्सर: सब्जी बेचने वाले ने संतोष सेठ को उतारा मौत के घाट, लाठी-डंडों से पीट कर की हत्या

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने साफ कहा है कि,

चालक भोला गोंड की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है और कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह अंदरूनी मिलीभगत का खेल तो नहीं था या फिर पूरी साजिश बाहरी अपराधियों ने रची थी।

घटना के बाद राजमार्ग पर गश्त बढ़ा दी गई है और परिवहन कारोबारियों में चिंता का माहौल है। गौरतलब है कि इस वारदात ने दिखा दिया कि अपराधी कितनी योजना बनाकर घटना को अंजाम देते हैं, हालांकि समय पर सूचना मिलने से पुलिस ने भी साबित कर दिया कि सतर्कता हो तो अपराधियों को ज्यादा दिन तक छिपना मुश्किल है। अब सबकी नजर आगे की जांच पर टिकी है।

Jai Jagdamba News Whatsapp