Kia का भारत के लिए मेगा प्लान तैयार, Sorento Hybrid से Syros EV तक, जल्द आएंगी ये नई कारें
Kia ने भारतीय ऑटो बाजार के लिए बड़ा मास्टरप्लान तैयार कर लिया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वह 2030 तक भारत में 10 नए मॉडल लॉन्च (Kia 2030 India Plan) करेगी, जिनमें 8 इलेक्ट्रिफाइड वाहन शामिल होंगे। सबसे ज्यादा चर्चा Sorento Hybrid, Carnival Hybrid और सस्ती Syros EV को लेकर हो रही है।
यह कदम दिखाता है कि Kia अब भारतीय बाजार में सिर्फ मौजूद नहीं रहना चाहती, बल्कि सेगमेंट लीडर बनने की तैयारी में है। आखिर कंपनी की पूरी रणनीति क्या है, आइए जानते हैं विस्तार से।
Kia Sorento Hybrid बनेगी भारत की सबसे प्रीमियम SUV
Kia भारत में अपनी नई फ्लैगशिप SUV के तौर पर Sorento Hybrid को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसे Seltos से ऊपर रखा जाएगा। यह एक बड़ी 3-row फैमिली SUV होगी और प्रीमियम सेगमेंट में Mahindra XUV 7XO जैसी गाड़ियों को चुनौती दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी लंबाई करीब 4.8 मीटर और व्हीलबेस लगभग 2.8 मीटर हो सकता है, जिससे इसमें अच्छा केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि पहले Kia की MQ4i कोडनेम वाली 3-row SUV की चर्चा भी सामने आई थी, हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वही मॉडल Sorento नाम से आएगी या नहीं। कीमत की बात करें तो Kia Sorento Hybrid को भारत में करीब 30 लाख रुपये एक्स-शोरूम के आसपास उतारा जा सकता है।
Kia Carnival Hybrid भी होगी लॉन्च, मिल सकता है दमदार पावरट्रेन
Kia जल्द ही भारत में अपनी प्रीमियम MPV Carnival का Hybrid वर्जन लॉन्च कर सकती है, जिससे ग्राहकों को ज्यादा पावर के साथ बेहतर माइलेज का फायदा मिल सकता है। बता दें कि मौजूदा Kia Carnival भारत में 2024 से डीजल इंजन के साथ बेची जा रही है, लेकिन अब कंपनी इसके हाइब्रिड मॉडल पर काम कर रही है।
हालांकि भारतीय मॉडल के फीचर्स और इंजन की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन अमेरिका में बिकने वाली Carnival Hybrid में 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पैरेलल हाइब्रिड सिस्टम दिया जाता है, जो करीब 272 bhp की पावर और 367 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि भारत में भी यही पावरट्रेन मिलेगा या कंपनी इसमें कुछ बदलाव करेगी।
Syros EV बनेगी Kia की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार
Kia जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Syros EV लॉन्च कर सकती है, जिसे कंपनी अपने पोर्टफोलियो की सबसे अफोर्डेबल EV के तौर पर पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे Carens Clavis से नीचे रखा जाएगा, जिससे यह ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सके।
इस इलेक्ट्रिक SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है और इसका डिजाइन काफी हद तक इसके पेट्रोल-डीजल मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है, हालांकि इसमें कुछ खास EV डिजाइन एलिमेंट्स दिए जा सकते हैं। Kia Syros EV K1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो Hyundai Inster EV के साथ साझा किया जाएगा।
फिलहाल कंपनी ने बैटरी और मोटर की जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें 369 किलोमीटर तक की रेंज देने वाला सेटअप मिल सकता है। इसकी संभावित कीमत करीब 20 लाख रुपये हो सकती है और लॉन्च के बाद इसका मुकाबला MG Windsor और Tata Nexon EV जैसी गाड़ियों से होगा।
भारत में ही बनेगी Kia की नई गाड़ियां, कीमत पर मिलेगा बड़ा फायदा
Kia ने संकेत दिए हैं कि वह भारत में आने वाले अपने नए मॉडलों की लोकल मैन्युफैक्चरिंग पर खास ध्यान देगी, जिससे इन गाड़ियों की कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने में मदद मिल सकती है और ग्राहकों को बेहतर वैल्यू मिलने की उम्मीद है। कंपनी भारत को अपने सबसे अहम उभरते बाजारों में मान रही है, यही वजह है कि आने वाले वर्षों में यहां आक्रामक विस्तार की रणनीति अपनाई जाएगी और प्रोडक्शन से लेकर बिक्री नेटवर्क तक बड़े स्तर पर निवेश देखने को मिल सकता है।
