एक घंटे खाना बनाने में कौन सस्ता, गैस या इंडक्शन? जानिए पूरा हिसाब
LPG vs Induction Cooking Cost: अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब तेल बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ने से लोगों के मन में एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि अगर गैस महंगी हो जाए तो क्या इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाना बेहतर विकल्प हो सकता है। कई जगहों पर कमर्शियल गैस सप्लाई को लेकर सख्ती भी बढ़ी है।
ऐसे में बहुत से लोग इंडक्शन चूल्हे की तरफ रुख कर रहे हैं। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंडक्शन पर खाना बनाने से बिजली का बिल कितना आता है और क्या यह LPG से सस्ता पड़ता है। आइए आसान तरीके से पूरा हिसाब समझते हैं।
इंडक्शन चूल्हा एक घंटे में कितनी बिजली खर्च करता है
इंडक्शन चूल्हे आमतौर पर 1200W से 2000W की पावर के होते हैं। इसका मतलब है कि इसकी बिजली खपत उस पावर और तापमान पर निर्भर करती है जिस पर आप खाना बना रहे हैं। अगर कोई 2000W का इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल करता है और वह लगातार 1 घंटे तक फुल पावर पर चलता है, तो वह लगभग 2 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है।
इसे समझने के लिए बिजली खपत का फॉर्मूला इस्तेमाल किया जाता है। Energy (kWh) = Power (W) × Time (hour) ÷ 1000, अगर 2000W का इंडक्शन 1 घंटे तक चलता है तो गणना इस तरह होगी। 2000 × 1 ÷ 1000 = 2 यूनिट
यानी साफ शब्दों में कहें तो 1 घंटे तक लगातार चलने पर इंडक्शन चूल्हा करीब 2 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है। हालांकि यह खपत इस बात पर भी निर्भर करती है कि आप कितनी देर तक फुल पावर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार का बड़ा फैसला, रसोई गैस उत्पादन अधिकतम स्तर तक बढ़ाने का आदेश
अगर बिजली 8 रुपये यूनिट हो तो कितना आएगा खर्च
अब सवाल आता है कि अगर 1 घंटे में 2 यूनिट बिजली खर्च होती है तो इसका बिल कितना बनेगा। मान लीजिए आपके इलाके में बिजली की कीमत 8 रुपये प्रति यूनिट है। ऐसे में अगर 2 यूनिट बिजली खर्च होती है तो कुल खर्च, 2 × 8 = 16 रुपये होगा।
यानी अगर आप 1 घंटे तक इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाते हैं तो बिजली का खर्च लगभग 16 रुपये तक हो सकता है। हालांकि यह एक अनुमानित खर्च है। वास्तविक खर्च इस बात पर भी निर्भर करता है कि खाना कितनी देर में तैयार हो जाता है और इंडक्शन किस पावर मोड पर चल रहा है।
LPG गैस पर एक घंटे में कितना आता है खर्च
अब बात करते हैं LPG गैस चूल्हे की। भारत में आमतौर पर घरेलू उपयोग के लिए 14.2 किलो का सिलेंडर इस्तेमाल किया जाता है। मान लेते हैं कि एक 14.2 किलो LPG सिलेंडर की कीमत करीब 913 रुपये है। हालांकि अलग अलग शहरों में इसकी कीमत थोड़ी अलग हो सकती है।
सबसे पहले 1 किलो गैस की कीमत निकालते हैं। 1 किलो गैस की कीमत = सिलेंडर की कीमत ÷ कुल वजन। 913 ÷ 14.2 = लगभग 64.29 रुपये। यानी एक किलो LPG गैस की कीमत करीब 64.29 रुपये बैठती है।
अब गैस की खपत समझते हैं। एक सामान्य दो बर्नर वाले गैस स्टोव में अगर दोनों बर्नर चल रहे हों तो करीब 0.30 किलो गैस एक घंटे में खर्च हो सकती है। ऐसे में 0.30 × 64.29 = 19.28 रुपये, यानी अगर गैस चूल्हा लगातार 1 घंटे तक चलता है तो लगभग 19 से 20 रुपये की LPG गैस खर्च हो सकती है।
ये भी पढ़ें: देश में गैस की कमी से बढ़ा संकट, दो दिन में बंद हो सकते हैं कई होटल और रेस्टोरेंट
कौन सा विकल्प पड़ता है ज्यादा सस्ता
अगर दोनों का सीधा तुलना करें तो एक घंटे के हिसाब से इंडक्शन चूल्हे का खर्च लगभग 16 रुपये और LPG गैस का खर्च करीब 19 से 20 रुपये बैठता है। हालांकि यह फर्क बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन बिजली की दर और गैस की कीमत के हिसाब से यह बदल भी सकता है।
गौरतलब है कि इंडक्शन चूल्हा तेज गर्मी देता है और कई बार खाना जल्दी भी बन जाता है, जिससे कुल खर्च और कम हो सकता है। हालांकि दूसरी तरफ LPG गैस पर खाना बनाने की आदत और सुविधा भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण रहती है। इसलिए दोनों विकल्पों के अपने फायदे और सीमाएं हैं।
