पटना में सांसद पप्पू यादव की रात 12 बजे गिरफ्तारी, ढाई घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामा में पुलिस और समर्थकों में झड़प
Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को गर्दनीबाग पुलिस ने शुक्रवार आधी रात को गिरफ्तार किया। बता दें की गिरफ्तारी उनके मंदिरी स्थित आवास पर हुई, जहां पुलिस और सांसद के समर्थकों के बीच करीब ढाई घंटे तक तनातनी और बहस जारी रही।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने उनका मकान धोखाधड़ी के जरिए किराये पर लिया था और उन्हें धमकी दी थी। गौरतलब है कि इस मामले में अदालत पहले भी कार्रवाई कर चुकी थी। हालाकि सांसद लगातार समन के बावजूद उपस्थित नहीं हुए थे। तीन दिन पहले ही संपत्ति कुर्की का आदेश एमपीएमएलए कोर्ट ने दिया था।
रात साढ़े नौ बजे पप्पू यादव के आवास पर पहुंची पुलिस
पुलिस की विशेष टीम रात साढ़े नौ बजे पप्पू यादव के आवास पर पहुंची थी। सांसद और उनके समर्थक गिरफ्तार होने के लिए अड़े रहे। पप्पू यादव इस बात पर जोर देते रहे कि उनकी तबियत ठीक नहीं है और वह तुरंत पुलिस के साथ नहीं जाएंगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें दवाइयां दी और फिर आधी रात को गाड़ी में बैठाकर चिकित्सकीय जांच के लिए आईजीआईएमएस ले गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि,
यह मामला पटना के गर्दनीबाग थाना का है (कांड संख्या 552/95) और वर्ष 1995 का है। कोर्ट ने लंबे समय तक अनुपस्थित रहने के बाद गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
गिरफ्तारी से पहले हाई-वोल्टेज ड्रामा और प्रदर्शन
बता दें की गिरफ्तारी के दौरान ढाई घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस पप्पू यादव को गिरफ्तार करने की कोशिश करती रही, लेकिन समर्थक अड़े रहे और वारंट की कॉपी देखने की मांग करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रयास किया कि समर्थक सहयोग करें, लेकिन पप्पू यादव बार-बार कहते रहे,
मैं बीमार हूं, रात में दवा लेकर सोता हूं, मैं कहीं नहीं जाऊंगा। आप सुबह आइए, फिर चलूंगा…
हालांकि पुलिस ने उन्हें सुनने से इंकार किया। इस दौरान सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह, सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी, कोतवाली, बुद्धा कॉलोनी और गर्दनीबाग थाने की पुलिस मौजूद रही। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताया और अपनी जान पर खतरे की आशंका जताई।
ये भी पढ़ें: बिहार में रेलवे को मिला बड़ा तोहफा, 9 गुना बढ़ा बजट, 17,000 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट को मंजूरी
राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव
राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। उनके समर्थकों का आक्रोश अभी भी बरकरार है और पुलिस ने स्थिति को शांत करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। बता दें की सांसद की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब चुनावी रणनीतियों और राजनीतिक गतिविधियों की चर्चा जोरों पर है।
इस मामले से यह भी साफ होता है कि अदालत के आदेशों का पालन सभी को करना अनिवार्य है। गौरतलब है कि लंबे समय तक लंबित मामलों में कार्रवाई कराना न्यायपालिका की प्रक्रिया का हिस्सा है। पुलिस ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई में सांसद को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी से राजनैतिक हलकों में नए समीकरण बन सकते हैं।

One thought on “पटना में सांसद पप्पू यादव की रात 12 बजे गिरफ्तारी, ढाई घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामा में पुलिस और समर्थकों में झड़प”
Comments are closed.