Buxar News: होटल पार्क व्यू के मालिक रोहित सिंह का अचानक निधन, आरा से बक्सर तक गम में डूबे लोग
Hotel Park View Owner Death: आरा और बक्सर के लोगों के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। शहर के जाने-माने होटल पार्क व्यू के मालिक और युवा व्यवसायी रोहित सिंह का अचानक निधन हो गया। उनकी असमय मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि रोहित न सिर्फ एक सफल कारोबारी थे, बल्कि अपने सरल स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के कारण समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय भी थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक सफल और लोकप्रिय युवा व्यवसायी थे रोहित
रोहित सिंह को लोग एक जिम्मेदार, मेहनती और जमीन से जुड़े इंसान के रूप में जानते थे। होटल पार्क व्यू (Hotel Park View Buxar) को उन्होंने सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि एक पहचान बना दिया था। बता दें कि उनकी कार्यशैली और व्यवहार के कारण होटल न सिर्फ स्थानीय लोगों, बल्कि बाहर से आने वाले मेहमानों के बीच भी खासा लोकप्रिय था।
उनकी असमय मौत से परिवार, मित्र, कर्मचारी और शुभचिंतक गहरे सदमे में हैं। हालाकी कोई भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहा कि इतनी कम उम्र में रोहित सिंह इस दुनिया को अलविदा कह गए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रोहित सिंह अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी, पांच साल की बेटी, एक साल का बेटा और माता-पिता शामिल हैं। छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना पूरे समाज को भावुक कर रहा है। गौरतलब है कि रोहित परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे थे और भविष्य को लेकर कई योजनाएं भी बना रहे थे।
होटल पार्क व्यू की शुरुआत और पहचान
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह मूल रूप से बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत बलिहार गांव के निवासी थे। वे जनार्दन सिंह के पुत्र थे। करीब तीन दशक पहले उनके पिता जनार्दन सिंह ने आरा शहर में पार्क व्यू होटल की नींव रखी थी।
बाद में रोहित सिंह ने इस व्यवसाय की जिम्मेदारी संभाली और अपनी सूझबूझ, मेहनत और आधुनिक सोच से होटल को नई पहचान दिलाई। आज होटल पार्क व्यू आरा शहर के प्रतिष्ठित होटलों में गिना जाता है।
ये भी पढ़ें: बक्सर के मिलाप होटल में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात
कैसे हुई रोहित सिंह की मौत?
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे रोहित सिंह आरा स्थित अपने आवास पर स्नान करने के बाद अचानक जमीन पर गिर पड़े। घर के लोगों ने जब उन्हें अचेत देखा तो बिना देर किए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ठंड के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
तेजी से बढ़ रहा है युवाओं में हार्ट अटैक का मामला
गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में युवाओं में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़े हैं। रोहित सिंह की मौत (Hotel Park View Owner Death) ने एक बार फिर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान खींचा है। कम उम्र में इस तरह की घटनाएं न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: बक्सर को मिली बड़ी सौगात, करहसी रोड पर बनेगा नया ओवरब्रिज
बहरहाल रोहित सिंह के निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास और होटल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें याद करते हुए भावुक संदेश साझा कर रहे हैं। बता दें कि रोहित सिंह का जाना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे आरा-बक्सर समाज की अपूरणीय क्षति है।
