10 अप्रैल से टोल पर हो रहा बड़ा बदलाव, बिना FASTag चलें तो देना पड़ेगा 25% ज्यादा पैसा, जाने नया नियम

10 अप्रैल से टोल पर हो रहा बड़ा बदलाव, बिना FASTag चलें तो देना पड़ेगा 25% ज्यादा पैसा, जाने नया नियम

अगर आप हाईवे पर गाड़ी चलाते हैं, तो अब आपको अपनी आदत बदलनी होगी। 10 अप्रैल 2026 से टोल प्लाजा पर बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है, जो सीधे आपकी जेब और सफर दोनों को प्रभावित करेगा। बता दें कि अब कैश से टोल देने का विकल्प पूरी तरह खत्म किया जा रहा है। ऐसे में अगर आपने तैयारी नहीं की, तो आपको ज्यादा पैसा भी देना पड़ सकता है और रास्ते में परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है।

टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI ने फैसला लिया है कि 10 अप्रैल 2026 से देशभर के सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद कर दिया जाएगा। अब केवल डिजिटल तरीके से ही टोल देना होगा। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी लाइनों को खत्म किया जा सके।

अक्सर कैश पेमेंट की वजह से गाड़ियों की भीड़ लग जाती है और लोगों का काफी समय बर्बाद होता है। हालांकि, नए नियम लागू होने के बाद उम्मीद है कि गाड़ियां बिना रुके तेजी से निकल सकेंगी और सफर पहले से आसान हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: FASTag नियमों में बड़ा बदलाव, ब्लैकलिस्टेड फास्टैग पर लगेगा दोगुना चार्ज

FASTag और UPI बना अनिवार्य विकल्प

अब टोल भुगतान के लिए FASTag सबसे जरूरी माध्यम बन गया है। जिन वाहनों में FASTag लगा होगा, उनका टोल अपने आप कट जाएगा और उन्हें रुकना नहीं पड़ेगा। लेकिन जिन लोगों के पास FASTag नहीं है, उनके लिए UPI का विकल्प दिया गया है। यानी वे मोबाइल से स्कैन कर के भुगतान कर सकते हैं।

यहां सबसे जरूरी बात यह है कि बिना FASTag वाले वाहन चालकों को 25 प्रतिशत ज्यादा टोल देना होगा। यानी अगर आपने अभी तक FASTag नहीं लगाया है, तो हर यात्रा पर आपको अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। अगर कोई व्यक्ति FASTag या UPI से भुगतान करने से मना करता है, तो उसे टोल पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही ई-नोटिस भी जारी किया जा सकता है।

ID कार्ड से छूट भी खत्म, अब नहीं चलेगा पुराना तरीका

NHAI ने ID कार्ड के जरिए मिलने वाली छूट को भी खत्म करने का फैसला लिया है। पहले कई मामलों में लोग सरकारी पहचान पत्र दिखाकर निजी वाहनों को टोल से छूट दिला लेते थे। अब यह पूरी तरह बंद कर दिया गया है। आगे से केवल उन्हीं वाहनों को छूट मिलेगी, जिनमें एक्सेम्प्टेड FASTag लगा होगा।

हालांकि, अगर कोई सरकारी कर्मचारी अपने निजी वाहन से सफर करता है, तो उसे भी टोल देना होगा। बिना भुगतान के आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। गौरतलब है कि इस फैसले से टोल प्लाजा पर होने वाले विवाद कम होंगे और नियम साफ तरीके से लागू हो पाएंगे।

ये भी पढ़ें: अब हर बार नहीं देना होगा टोल, सिर्फ ₹340 में करिए अनलिमिटेड सफर, जानिए कैसे मिलेगा फायदा

नए नियम लागू होने के बाद आपके सफर पर क्या असर पड़ेगा?

इन नए नियमों (Toll Plaza New Rules 2026) के बाद हाईवे पर सफर पूरी तरह डिजिटल हो जाएगा। जहां एक तरफ आपका समय बचेगा, वहीं दूसरी तरफ नियम तोड़ने पर आपको भारी जुर्माना देना पड़ सकता है। अगर कोई व्यक्ति ई-नोटिस के बाद भी टोल का भुगतान नहीं करता है, तो उसे सामान्य शुल्क का दोगुना तक भुगतान करना पड़ सकता है।

इसलिए अगर आप अक्सर हाईवे का इस्तेमाल करते हैं, तो समय रहते FASTag लगवाना आपके लिए सबसे सही फैसला होगा।

Jai Jagdamba News Whatsapp