स्क्रीन नहीं फिर भी सेहत पर रखेगा नजर, Google का नया Fitbit Air भारत में लॉन्च, 7 दिन चलेगी बैटरी

Google ने भारत में अपना नया फिटनेस ट्रैकर Fitbit Air लॉन्च कर दिया है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई स्क्रीन नहीं दी गई है, यानी यूजर को बार-बार डिवाइस की स्क्रीन देखने की जरूरत नहीं होगी। इसके बावजूद यह हार्ट रेट, नींद, ब्लड ऑक्सीजन और वर्कआउट जैसी कई हेल्थ एक्टिविटी को ट्रैक करता है। आइए जानते हैं Fitbit Air में क्या-क्या फीचर्स मिलते हैं और भारत में इसकी कीमत कितनी है।
Google Fitbit Air में क्या मिलेंगे फीचर्स?
Google Fitbit Air को खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो बिना स्क्रीन वाले डिवाइस की मदद से अपनी सेहत और फिटनेस से जुड़ी जानकारी पर नजर रखना चाहते हैं। इसमें 24 घंटे हार्ट रेट मॉनिटरिंग की सुविधा मिलती है। यह रेस्टिंग हार्ट रेट के साथ हार्ट रेट वैरिएबिलिटी यानी HRV को भी ट्रैक करता है।
Fitbit Air में अनियमित हार्ट रिदम यानी Afib से जुड़ी नोटिफिकेशन सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा यह नींद की अवधि और अलग-अलग स्लीप स्टेज को ट्रैक कर सकता है। डिवाइस में SpO2 मॉनिटरिंग की सुविधा भी मौजूद है, जिससे ब्लड ऑक्सीजन लेवल से जुड़ी जानकारी मिलती है।
फिटनेस ट्रैकिंग के लिए इसमें ऑटोमैटिक एक्टिविटी डिटेक्शन दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह फीचर समय के साथ यूजर की गतिविधियों और आदतों को समझकर वर्कआउट और दूसरी एक्टिविटी की पहचान करने में मदद करता है।
Google Fitbit Air में Health Coach का सपोर्ट भी मिलता है। इसके जरिए यूजर अपनी एक्सरसाइज को रिकॉर्ड करने के साथ गाइडेड वर्कआउट सेशन फॉलो कर सकते हैं। यूजर जिम के उपकरण या वर्कआउट रूटीन की तस्वीर लेकर उसे अपनी एक्टिविटी रिकॉर्ड करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Google Fitbit Air की बैटरी और डिजाइन
Google Fitbit Air की बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 7 दिन तक चल सकती है। अगर बैटरी कम हो जाए तो केवल 5 मिनट की चार्जिंग में पूरे दिन तक इस्तेमाल के लिए पर्याप्त बैटरी मिल सकती है। इससे यूजर्स को बार-बार डिवाइस चार्ज करने की जरूरत कम पड़ेगी।
डिजाइन की बात करें तो Fitbit Air में बदली जा सकने वाली पेबल-स्टाइल बॉडी दी गई है। इसके साथ Performance Loop Band मिलता है, जिसे रिसाइकल किए गए मटेरियल से तैयार किया गया है। इसके अलावा यूजर्स Sweatproof Silicone वाले ऐक्टिव बैंड या रोजाना पहनने के लिए बनाए गए Elevated Modern Band का विकल्प भी चुन सकते हैं।
Fitbit Air की भारत में कीमत और बिक्री
Google Fitbit Air की भारत में कीमत 13,999 रुपये तय की गई है। कंपनी ने इसे चार रंगों में पेश किया है, जिनमें Obsidian, Berry, Lavender और Fog शामिल हैं। इस तरह यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग कलर ऑप्शन चुन सकते हैं। Fitbit Air के साथ ग्राहकों को गूगल हेल्थ प्रीमियम का तीन महीने का ट्रायल भी मिलेगा।
इसके जरिए यूजर Google Health Coach की सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा चुनिंदा बैंक ऑफर के तहत खरीदारी करने पर 1,000 रुपये तक का कैशबैक भी दिया जा रहा है। भारत में Fitbit Air की बिक्री 2 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
ग्राहक इसे Google Store के अलावा Flipkart, Croma, Reliance Digital और Vijay Sales समेत देश के अन्य रिटेल पार्टनर्स से खरीद सकेंगे। स्क्रीनलेस डिजाइन वाला यह फिटनेस ट्रैकर हार्ट रेट, नींद, SpO2 और वर्कआउट जैसी गतिविधियों को ट्रैक करता है। साथ ही, कंपनी के अनुसार इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 7 दिन तक चल सकती है।

