145 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 20 नवंबर को तट से टकरा सकता है तूफान; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह तूफान बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके असर से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं। आइए जानते हैं कि IMD ने किन इलाकों के लिए क्या चेतावनी जारी की है।
कब और कहां पहुंचेगा तूफान?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 17 नवंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। 17 नवंबर की सुबह 5:30 बजे यह चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से लगभग 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद इसकी ताकत और बढ़ने की संभावना है। 19 नवंबर की सुबह तक यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके बाद तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट से टकरा सकता है।
इसके तट से टकराने का संभावित क्षेत्र नेल्लोर और तुनी के बीच बताया गया है। तूफान को देखते हुए IMD ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में तैयारी रखने और लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: अर्नब और मुरासु के बाद अब ‘अकवन’ की बारी! बंगाल की खाड़ी में उठेगा तीसरा चक्रवाती तूफान
145 KM तक पहुंच सकती हवा
चक्रवात अकवान के तट के करीब पहुंचने के साथ ही हवा की रफ्तार में तेजी से बढ़ोतरी होने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, 17 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम के तट के पास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
18 नवंबर की शाम से हवा की गति बढ़कर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। वहीं, 19 नवंबर की रात से तूफान के तट से टकराने तक 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
ओडिशा के तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में भी तेज हवाओं का अनुमान है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और मौसम खराब होने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बारिश
चक्रवात अकवान का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका है। रायलसीमा में भी 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
19 से 21 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण ओडिशा के निचले इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: अर्नब के बाद अब एक और तूफान का खतरा! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम
तमिलनाडु से बंगाल तक अलर्ट
चक्रवात अकवान का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। उत्तरी तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को समुद्र के आसपास जाने से बचने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और कमजोर मकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। तूफान की दिशा और ताकत में बदलाव को देखते हुए IMD के अगले अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा।

