भदोही के 6 बीघे के किसान ने खरीदा चमचमाता हेलीकॉप्टर, घर के बाहर लगी भीड़; जानें सच!

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर अचानक एक तस्वीर और वीडियो आग की तरह वायरल हो गए, जिसमें दावा किया गया कि ज्ञानपुर (भदोही) के एक सामान्य किसान ने दशहरे के मौके पर नया चमचमाता हेलीकॉप्टर खरीदा है।
देखते ही देखते बधाई देने वालों का तांता लग गया, और मामला इतना बढ़ गया कि जिला प्रशासन और खुफिया एजेंसियां (LIU) भी इस ‘करोड़पति किसान’ की हकीकत जानने के लिए एक्टिव हो गईं।
फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ पूरा ड्रामा
यह पूरा मामला बुधवार को तब शुरू हुआ जब फेसबुक पर उमेश कुमार पांडेय नाम की एक प्रोफाइल से एक पोस्ट साझा की गई। इस पोस्ट में अजीत तिवारी को हेलीकॉप्टर के साथ खड़ा दिखाया गया और दशहरे पर शस्त्र व वाहन पूजा की बधाई दी गई। पोस्ट में मां विंध्यवासिनी और भगवान श्रीराम की कृपा का जिक्र भी था।
चूंकि तस्वीर दिखने में बेहद असली लग रही थी, इसलिए भदोही के स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सच मान लिया और देखते ही देखते यह खबर पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई।
ये भी पढ़ें: शादी में हेलीकॉप्टर से एंट्री का है सपना? जानिए कितना आएगा खर्च, एक घंटे का किराया और जरूरी परमिशन
“मेहमानों की चाय बनाते-बनाते थक गए घरवाले” – पीड़ित किसान

जब खुफिया विभाग (LIU) की टीम जगन्नाथपुर गांव में अजीत तिवारी के घर पहुंची, तब जाकर इस पूरी ‘शरारत’ का खुलासा हुआ।
अजीत तिवारी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा:
मैं कोई बड़ा उद्योगपति या रईस आदमी नहीं हूँ। हम चार भाई हैं और हमारे पास कुल मिलाकर सिर्फ 6 बीघा खेती की जमीन है। हमारी आमदनी बहुत सामान्य है और परिवार का खर्च किसी तरह चलता है। मुझे नहीं पता कि किस व्यक्ति ने मेरे साथ ऐसा भद्दा मजाक किया है।
अजीत ने बताया कि इस फर्जी पोस्ट ने उनके लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। दिन-रात मोबाइल फोन पर बजने वाली घंटियों और घर पर बधाई देने आ रहे मेहमानों की खातिरदारी (चाय-पानी) करते-करते पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान हो चुका है।
ये भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर से बारात लेकर दुल्हा पहुंचा दुल्हन के घर, बचपन का सौख किया पुरा
पुलिस कप्तान ने क्या कहा?
भदोही के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव त्यागी ने इस पूरे मामले पर बयान देते हुए स्पष्ट किया कि फेसबुक पर वायरल हो रही तस्वीर तकनीकी रूप से AI-जनरेटेड (Artificial Intelligence) है। जांच में यह पूरी तरह साफ हो चुका है। एसपी ने कहा कि,
पुलिस की पूरी सहानुभूति पीड़ित किसान और उनके परिवार के साथ है और इस तरह की भ्रामक शरारत करने वाले तत्व की जांच की जा रही है।

